वीडियो! पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये सस्ता, नायरा एनर्जी का बड़ा फैसला; जानें किन ग्राहकों को मिलेगा फायदा
देश की प्रमुख निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से कंपनी के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू कर दी गई हैं।
कटौती के बाद भोपाल में नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 119.79 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में स्थानीय कर (लोकल टैक्स) और वैट (VAT) की दरें अलग होने के कारण विभिन्न शहरों में खुदरा कीमतों में कुछ अंतर देखने को मिल सकता है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर
ईंधन कीमतों में यह कटौती ऐसे समय की गई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है। फिलहाल क्रूड ऑयल लगभग 73 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थीं। अब भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता हुआ है, जिसका असर ईंधन की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।
देशभर के 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू नई दरें
नायरा एनर्जी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं और कंपनी ने सभी आउटलेट्स पर नई कीमतें लागू कर दी हैं। इससे उन ग्राहकों को सीधा फायदा मिलेगा, जो नायरा के पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवाते हैं।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
जहां एक ओर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत दी है, वहीं सरकारी तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने फिलहाल ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले समय में अन्य तेल कंपनियां भी ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर सकती हैं। फिलहाल नायरा एनर्जी का यह फैसला निजी क्षेत्र के ग्राहकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

