Samachar Nama
×

शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल: बैंकिंग और IT शेयरों की बदौलत सेंसेक्स 1000 अंक चढ़कर 76,700 के पार, निफ्टी 250 अंक मजबूत

शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल: बैंकिंग और IT शेयरों की बदौलत सेंसेक्स 1000 अंक चढ़कर 76,700 के पार, निफ्टी 250 अंक मजबूत

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 3 नवंबर को जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक की बढ़त के साथ 76,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 250 अंकों का उछाल आया है और यह 23,700 के स्तर पर पहुंच गया है। आज के कारोबार में बैंकिंग, FMCG और IT सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है।इससे पहले सोमवार, 2 नवंबर को भी शेयर बाजार में शानदार तेजी दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,233 अंक उछलकर 75,693 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 388 अंकों की बढ़त के साथ 23,440 के स्तर पर पहुंच गया था।

बाजार में तेजी की 2 बड़ी वजहें

1. विदेशी निवेशकों की बाजार में वापसी

शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की खरीदारी मानी जा रही है। लंबे समय से भारतीय बाजार में बिकवाली कर रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को 3,115 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। विदेशी निवेशकों की इस खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली है।

आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने पिछले 7 कारोबारी दिनों में कुल 6,642 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने सोमवार को 392 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की।

निवेशकों की खरीदारी के आंकड़े (करोड़ रुपये में)

कैटेगरी ताजा आंकड़ा पिछले 7 दिन पिछले 30 दिन
DII -392 +1,358 +51,786
FII/FPI +3,115 +6,642 -32,563

2. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

बाजार को दूसरी बड़ी राहत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से मिली है। ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर करीब 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से आयात करता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में कमी से देश के आयात बिल और महंगाई पर दबाव कम होने की उम्मीद रहती है। इसका सकारात्मक असर शेयर बाजार के निवेशकों के सेंटीमेंट पर भी पड़ा है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार

भारतीय बाजार में तेजी के बीच मंगलवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.37 फीसदी गिरकर 5,668 के स्तर पर आ गया। जापान का निक्केई भी 0.33 फीसदी की गिरावट के साथ 63,082 पर कारोबार करता दिखा।

वहीं हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 0.44 फीसदी की तेजी रही और यह 23,493 के स्तर पर पहुंच गया।

इंडेक्स स्तर बदलाव प्रतिशत बदलाव
कोस्पी (दक्षिण कोरिया) 5,668 -191 -3.37%
निक्केई (जापान) 63,082 -208 -0.33%
हैंगसेंग (हॉन्गकॉन्ग) 23,493 +100 +0.44%

अमेरिकी बाजार में भी रहा मिला-जुला कारोबार

सोमवार, 2 नवंबर को अमेरिकी शेयर बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। डाउ जोन्स 214 अंकों की बढ़त के साथ 51,984 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ नैस्डैक में 273 अंकों की गिरावट आई और यह 25,164 पर आ गया। S&P 500 इंडेक्स भी 39 अंक गिरकर 7,541 के स्तर पर बंद हुआ।

इंडेक्स स्तर बदलाव प्रतिशत बदलाव
डाउ जोन्स 51,984 +214 +0.41%
नैस्डैक 25,164 -273 -1.07%
S&P 500 7,541 -39 -0.51%

SFC एनवायरनमेंट टेक्नोलॉजीज की शेयर बाजार में शानदार एंट्री

मंगलवार को SFC एनवायरनमेंट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयरों की भी शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई। वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशन उपलब्ध कराने वाली इस कंपनी का शेयर 330 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 8 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुआ।

BSE पर कंपनी का शेयर 354.05 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो इश्यू प्राइस से 7.28 फीसदी ज्यादा है। वहीं NSE पर इसकी शुरुआत 355.10 रुपये के भाव पर हुई, जो इश्यू प्राइस से 7.60 फीसदी अधिक है।

सोमवार को भी बाजार में आई थी जोरदार तेजी

गौरतलब है कि सोमवार को भी भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की थी। सेंसेक्स 1,233 अंक चढ़कर 75,693 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में 388 अंकों की तेजी दर्ज की गई थी। लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बाजार में तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिखाई दे रहा है।

Share this story

Tags