Stock Market Update: डीमर्जर की आहट से Sun TV के शेयरों में 15% का बड़ा उछाल, जानिए क्या है तेजी की वजह
Sun TV Network के शेयरों में बुधवार को कारोबार के दौरान जोरदार तेजी देखने को मिली। IPL कारोबार के संभावित डीमर्जर की खबरों के बीच शेयर एक समय करीब 15 फीसदी तक चढ़ गया और 52 हफ्तों के नए हाई पर पहुंच गया।CNBC-आवाज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों से मिली जानकारी में दावा किया गया है कि Sun TV अपने IPL कारोबार को अलग करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, IPL फ्रेंचाइजी का संभावित वैल्यूएशन करीब ₹13,000 से ₹14,000 करोड़ आंका जा रहा है।
Sun TV के पास फिलहाल तीन क्रिकेट फ्रेंचाइजी हैं—SunRisers Hyderabad, SunRisers Eastern Cape और SunRisers Leeds। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब ₹24,000 करोड़ बताया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनी के पास करीब ₹8,000 करोड़ का फ्री कैश रिजर्व है।
कंपनी के IPL कारोबार से जुड़े रेवेन्यू में भी पहली तिमाही के दौरान करीब 33 फीसदी की बढ़ोतरी बताई गई है। ऐसे में अगर डीमर्जर की योजना आगे बढ़ती है, तो बाजार में इसे कंपनी के अलग-अलग कारोबार की वैल्यू सामने आने से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, सबसे जरूरी बात यह है कि डीमर्जर को लेकर Sun TV मैनेजमेंट की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। CNBC-आवाज़ की ओर से कंपनी को ईमेल भेजकर प्रतिक्रिया मांगी गई है।
शेयर की बात करें तो कारोबार के दौरान Sun TV का स्टॉक करीब ₹663.90 के स्तर तक पहुंचा, जो उसका 52-हफ्तों का हाई भी बताया गया है। एक हफ्ते में शेयर करीब 26.7 फीसदी और एक महीने में करीब 30.9 फीसदी चढ़ चुका है।
वहीं, मोतीलाल ओसवाल ने 12 अगस्त 2026 की अपनी रिसर्च रिपोर्ट में Sun TV Network पर ₹545 का टारगेट प्राइस और 'Neutral' रेटिंग दी थी।
फिलहाल निवेशकों की नजर इस बात पर है कि IPL कारोबार को अलग करने की खबर पर कंपनी की तरफ से आधिकारिक तौर पर क्या जानकारी सामने आती है।

