Stock market Update: शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूटा; निफ्टी 23 हजार के नीचे, निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये डूबे
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार 28 सितंबर को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 900 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी 23,000 के स्तर से नीचे फिसल गया। बाजार में गिरावट के बीच बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में कुछ ही समय में करीब 5 लाख करोड़ रुपये की कमी आई।
दोपहर करीब 12:18 बजे सेंसेक्स 959 अंक यानी 1.30 फीसदी गिरकर 72,936.39 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 करीब 307 अंक यानी 1.33 फीसदी की गिरावट के साथ 22,833.75 पर पहुंच गया। इससे पहले सेंसेक्स में 1000 अंकों से अधिक की गिरावट भी दर्ज की गई।
बाजार में दबाव की कई वजहें बताई जा रही हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, अमेरिका और ईरान के बीच जारी भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। ब्रेंट क्रूड की कीमत सोमवार सुबह करीब 98 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी।
बैंकिंग शेयरों में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। बैंक निफ्टी 55,000 के स्तर से नीचे चला गया। यस बैंक, यूनियन बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक जैसे शेयरों में दबाव रहा। सेंसेक्स के लगभग सभी प्रमुख शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
इससे पहले शुक्रवार को बाजार में कुछ रिकवरी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 315.20 अंक बढ़कर 73,895.74 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 77.40 अंक चढ़कर 23,140.50 पर बंद हुआ। हालांकि, इससे पहले निफ्टी लगातार सात कारोबारी सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ था।निवेशकों की नजर अब कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक बाजारों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े घटनाक्रम पर बनी हुई है। बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने के कारण निवेशकों को कारोबार के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

