ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड यूजर्स को झटका! 25 नवंबर से बदलेंगे 6 बड़े नियम, महंगी होगी रिप्लेसमेंट फीस; फ्री इंश्योरेंस और मूवी बेनिफिट भी बंद
अगर आप ICICI बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बैंक नवंबर और दिसंबर 2026 में क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नियमों में बदलाव करने जा रहा है। ये बदलाव 25 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर लागू होंगे। इसका असर रिटेल, प्रीमियम, बिजनेस और कॉरपोरेट कैटेगरी के कई क्रेडिट कार्ड पर पड़ेगा।
नई व्यवस्था के तहत कुछ कार्डों पर विदेशी करेंसी में भुगतान करना महंगा हो जाएगा। वहीं, कार्ड रिप्लेसमेंट और प्रायोरिटी पास बदलवाने के लिए भी पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा। इसके अलावा, कई कार्डधारकों को मिलने वाला मुफ्त इंश्योरेंस कवर और INOX मूवी बेनिफिट भी बंद किया जा रहा है। आइए जानते हैं ICICI बैंक के इन 6 बड़े बदलावों के बारे में।
1. विदेशी करेंसी में भुगतान पर बढ़ेगा चार्ज
ICICI बैंक 25 नवंबर 2026 से कुछ बिजनेस, कॉरपोरेट और परचेज क्रेडिट कार्ड पर डायनामिक करेंसी कन्वर्जन (DCC) फीस बढ़ाने जा रहा है। अभी यह शुल्क ट्रांजैक्शन राशि का 1 फीसदी है, जिसे बढ़ाकर 3.5 फीसदी कर दिया जाएगा।
इस बदलाव का असर Business Black Advantage, Business Blue Advantage, Business Platinum और Business AMEX Essential समेत कुछ चुनिंदा कार्ड पर पड़ेगा। ऐसे में विदेश में या विदेशी करेंसी से जुड़े ट्रांजैक्शन करने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ सकता है।
2. बिजनेस और कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड बदलवाना होगा महंगा
25 नवंबर 2026 से बिजनेस और कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड रिप्लेस कराने की फीस में भी बढ़ोतरी होगी। फिलहाल कार्ड बदलवाने के लिए 200 रुपये और जीएसटी देना होता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह शुल्क बढ़कर 300 रुपये और जीएसटी हो जाएगा।
यानी कार्ड खोने, खराब होने या किसी अन्य वजह से नया कार्ड जारी करवाने पर ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
3. रिटेल क्रेडिट कार्ड की रिप्लेसमेंट फीस भी बढ़ेगी
बैंक रिटेल क्रेडिट कार्ड को बदलवाने का चार्ज भी बढ़ाने जा रहा है। यह बदलाव 11 दिसंबर 2026 से लागू होगा।
अभी रिटेल क्रेडिट कार्ड रिप्लेस कराने के लिए 200 रुपये और जीएसटी देना पड़ता है। नई व्यवस्था के तहत ग्राहकों को 300 रुपये और जीएसटी चुकाना होगा।
हालांकि, Emeralde Private Metal, 1838 Reserve और Times Black कार्ड को इस बदलाव से बाहर रखा गया है। इन कार्डधारकों पर बढ़ी हुई रिप्लेसमेंट फीस लागू नहीं होगी।
4. प्रायोरिटी पास रिप्लेसमेंट के लिए देना होगा शुल्क
ICICI बैंक के कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाली प्रायोरिटी पास रिप्लेसमेंट सुविधा भी अब मुफ्त नहीं रहेगी। 11 दिसंबर 2026 से प्रायोरिटी पास बदलवाने के लिए 300 रुपये और जीएसटी देना होगा।
इस बदलाव के दायरे में Emeralde Private Metal, Emeralde Private, Emeralde, Sapphiro, Times Black, MakeMyTrip, Emirates Skywards, Adani One Signature, Parakram Select और Diamant World Mastercard जैसे कार्ड शामिल हैं।
इसलिए जिन ग्राहकों के कार्ड के साथ प्रायोरिटी पास की सुविधा जुड़ी हुई है, उन्हें पास बदलवाने से पहले नए शुल्क की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
5. कई प्रीमियम कार्ड पर मुफ्त इंश्योरेंस कवर होगा बंद
ICICI बैंक 15 दिसंबर 2026 से कुछ प्रीमियम क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री एयर एक्सीडेंट और इससे जुड़े इंश्योरेंस कवर को बंद करने जा रहा है।
इसमें Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde Private, Emeralde, Diamant, Sapphiro और Rubyx कार्ड शामिल हैं।
इसके अलावा, Emeralde Private Metal, Times Black, Emeralde और Emeralde Private कार्ड पर मिलने वाला Cancellation For Any Reason (CFAR) कवर भी खत्म हो जाएगा।
वहीं, Parakram और Parakram Select क्रेडिट कार्डधारकों को मिलने वाला मुफ्त पर्सनल एक्सीडेंट और एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर भी बंद कर दिया जाएगा।
इस बदलाव के बाद इन कार्डों के ग्राहकों को पहले मिलने वाली मुफ्त बीमा सुविधाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
6. इन क्रेडिट कार्ड पर बंद होगा मुफ्त INOX बेनिफिट
बैंक 15 दिसंबर 2026 से कई क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री INOX बेनिफिट भी बंद करने जा रहा है। यानी संबंधित कार्डधारक अब इस सुविधा का मुफ्त लाभ नहीं उठा सकेंगे।
इस बदलाव में Rubyx, Coral, Expressions, Chennai Super Kings, MakeMyTrip Platinum, HPCL Super Saver, Emirates Rubyx, MakeMyTrip Signature और MakeMyTrip क्रेडिट कार्ड शामिल हैं।
क्रेडिट कार्ड यूजर्स क्या करें?
ICICI बैंक के इन बदलावों का असर हर कार्ड पर एक जैसा नहीं होगा। कुछ नियम केवल चुनिंदा बिजनेस और कॉरपोरेट कार्ड पर लागू होंगे, जबकि इंश्योरेंस और मूवी से जुड़े फायदे कुछ प्रीमियम और रिटेल कार्ड से हटाए जाएंगे।ऐसे में कार्डधारकों को अपने क्रेडिट कार्ड की कैटेगरी और बैंक की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट जरूर चेक करना चाहिए। खासतौर पर विदेश में भुगतान करने वाले, प्रायोरिटी पास इस्तेमाल करने वाले और इंश्योरेंस या मूवी बेनिफिट का फायदा उठाने वाले ग्राहकों को नई शर्तों की जानकारी पहले से रखनी चाहिए।

