शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत, रेंजबाउंड कारोबार: सेंसेक्स 73,600 और निफ्टी 23,100 के करीब, ऑटो और रियल्टी शेयरों में रौनक
भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 25 सितंबर को कारोबार की शुरुआत लगभग सपाट रही। सेंसेक्स करीब 73,600 के स्तर पर, जबकि निफ्टी 23,100 के आसपास कारोबार करता नजर आया। बाजार में ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का रुझान देखने को मिल रहा है। वहीं IT और मीडिया सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना हुआ है।
एक ही दिन में 4 IPO की एंट्री
आज से प्राइमरी मार्केट में भी हलचल बढ़ गई है। चार कंपनियों के IPO निवेशकों के लिए खुल गए हैं। इनमें रनवाल एंटरप्राइजेज, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर, ओरिएंट केबल्स और एसवेक्टर शामिल हैं।
इन IPO के जरिए कंपनियां बाजार से बड़ी रकम जुटाने की तैयारी में हैं। रनवाल एंटरप्राइजेज करीब 499.83 करोड़ रुपए, जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर 303.90 करोड़ रुपए, ओरिएंट केबल्स 552 करोड़ रुपए और एसवेक्टर करीब 420 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य लेकर बाजार में उतरी हैं।
यानी शेयर बाजार में एक तरफ जहां सेकेंडरी मार्केट में उतार-चढ़ाव जारी है, वहीं दूसरी तरफ IPO बाजार में भी निवेशकों के पास कई नए विकल्प सामने आ गए हैं।
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख
भारत के साथ एशियाई बाजारों में भी आज कारोबार एक जैसा नहीं रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 7081 के स्तर पर रहा। जापान के निक्केई में करीब 1.23 फीसदी की तेजी देखने को मिली और यह 66318 के आसपास पहुंचा।
हालांकि हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग करीब 1.74 फीसदी टूटकर 24322 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
अमेरिकी बाजार में भी मिला-जुला कारोबार
इससे पहले 24 सितंबर को अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला था। डाउ जोन्स 162 अंक गिरकर 51,350 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक लगभग सपाट रहा और 26,939 के स्तर पर बंद हुआ।
S&P 500 में भी मामूली कमजोरी रही और यह करीब 2 अंक गिरकर 7,704 पर बंद हुआ।
FII की बिकवाली जारी, DII ने संभाला मोर्चा
घरेलू बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली चिंता का एक बड़ा कारण बनी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 7 दिनों में विदेशी निवेशकों यानी FII/FPI ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 7,796 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की है।
वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने इसी दौरान करीब 13,560 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की। पिछले 30 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो FII/FPI की नेट बिकवाली करीब 28,161 करोड़ रुपए, जबकि DII की नेट खरीदारी करीब 64,529 करोड़ रुपए रही।
कल बाजार में आई थी बड़ी गिरावट
बता दें कि इससे पहले 24 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स करीब 1,248 अंक टूटकर 73,581 के स्तर पर बंद हुआ था।
निफ्टी में भी करीब 384 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी और यह 23,063 के स्तर पर बंद हुआ।
अब निवेशकों की नजर आज के कारोबार के साथ-साथ इन चार नए IPO की प्रतिक्रिया पर भी बनी हुई है। बाजार में सेक्टर के हिसाब से खरीदारी और बिकवाली का रुख आने वाले कारोबार में अहम रहेगा।

