Samachar Nama
×

PNS Swasthya Scheme: ₹1,000 में शुरू करें खाता, पाएं ₹30 लाख का हेल्थ कवर और पेंशन!

PNS Swasthya Scheme: ₹1,000 में शुरू करें खाता, पाएं ₹30 लाख का हेल्थ कवर और पेंशन!

पेंशन फंड रेगुलेटर PFRDA ने NPS Swasthya स्कीम को लेकर नई गाइडलाइन्स जारी कर दी हैं। इस योजना में रिटायरमेंट के लिए निवेश के साथ हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी मिलेगी। नए नियमों के मुताबिक NPS Swasthya से जुड़े लोगों के लिए सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस कवर लेना जरूरी होगा। ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

क्या है NPS Swasthya?

NPS Swasthya को दो अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा आपका NPS इन्वेस्टमेंट अकाउंट होगा, जबकि दूसरा हिस्सा सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस का होगा। दोनों अकाउंट अलग-अलग तरीके से काम करेंगे।

जो भी व्यक्ति NPS में शामिल होने के लिए पात्र है, वह NPS Swasthya का विकल्प चुन सकता है। इसके तहत फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस में आपके साथ पति या पत्नी और दो बच्चों को कवर किया जाएगा। हालांकि, इस स्टैंडर्ड पॉलिसी में माता-पिता को शामिल नहीं किया गया है।

खाता शुरू करने के लिए कितना पैसा चाहिए?

NPS Swasthya अकाउंट शुरू करने के लिए तीन चीजें जरूरी होंगी। सबसे पहले साल का हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम देना होगा। इसके अलावा ₹200 का सालाना मेंटेनेंस चार्ज और NPS Swasthya खाते में कम से कम ₹1,000 का शुरुआती निवेश करना होगा।

इसके बाद खाते में आप सिर्फ ₹10 से भी योगदान जारी रख सकते हैं। आपकी जमा रकम को केंद्र सरकार की तय पेंशन स्कीम के नियमों के अनुसार निवेश किया जाएगा। पेंशन फंड आपके कॉर्पस पर सालाना 0.08 फीसदी तक का चार्ज ले सकता है।

इस योजना में 18 से 70 साल की उम्र तक एंट्री ली जा सकती है, जबकि इंश्योरेंस को 85 साल की उम्र तक रिन्यू कराया जा सकता है।

₹30 लाख तक का हेल्थ कवर

NPS Swasthya में डिडक्टिबल के आधार पर हेल्थ इंश्योरेंस के अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं।

  • ₹10,000 डिडक्टिबल पर ₹1 लाख का सम इंश्योर्ड
  • ₹50,000 डिडक्टिबल पर ₹5 लाख का सम इंश्योर्ड
  • ₹1 लाख डिडक्टिबल पर ₹10 लाख का सम इंश्योर्ड
  • ₹3 लाख डिडक्टिबल पर ₹30 लाख तक का फैमिली फ्लोटर कवर

डिडक्टिबल का मतलब उस शुरुआती रकम से है, जिसे इंश्योरेंस क्लेम शुरू होने से पहले आपको खुद या किसी दूसरी पॉलिसी के जरिए भुगतान करना होता है। इसके बाद की पात्र राशि इंश्योरेंस पॉलिसी के नियमों के मुताबिक कवर की जाती है।

अस्पताल के खर्च के लिए 25% तक निकाल सकेंगे पैसा

NPS Swasthya में इलाज और अस्पताल से जुड़े खर्चों के लिए कुल जमा योगदान का 25 फीसदी तक पैसा निकालने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए किसी वेटिंग पीरियड की जरूरत नहीं होगी और निकासी की संख्या पर भी कोई तय सीमा नहीं है।

इसमें एक खास बात यह है कि निकाली गई रकम सीधे आपके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने के बजाय अस्पताल या संबंधित हेल्थकेयर सेंटर को भुगतान की जाएगी।

प्रीमियम नहीं भरा तो क्या होगा?

अगर इंश्योरेंस के रिन्यूअल के समय खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं है, तो पेंशन फंड की ओर से आपको 90, 60 और 30 दिन पहले अलर्ट भेजे जाएंगे।

अगर ग्रेस पीरियड खत्म होने तक प्रीमियम का भुगतान नहीं किया गया, तो हेल्थ इंश्योरेंस कवर बंद हो जाएगा। इसके बाद आपका NPS Swasthya अकाउंट सामान्य All Citizen Model में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।

यानी NPS Swasthya का मकसद एक ही अकाउंट के जरिए रिटायरमेंट के लिए निवेश और परिवार के लिए हेल्थ इंश्योरेंस कवर उपलब्ध कराना है।

Share this story

Tags