बिजनेस घरानों पर PM मोदी की सख्त टिप्पणी: कहा- हमने कॉर्पोरेट व इनकम टैक्स घटाया, पर क्या वेतन बढ़ोतरी का लाभ कर्मचारियों तक पहुंचा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में FICCI के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए देश के बड़े उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से कर्मचारियों के हितों को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कारोबारियों को राहत देने के लिए कॉरपोरेट टैक्स में कटौती की और नई टैक्स व्यवस्था के तहत आम लोगों को भी बड़ी राहत दी है। अब उद्योग जगत को बताना चाहिए कि उसने इस राहत के बदले अपने कर्मचारियों के लिए क्या किया?
पीएम मोदी ने कंपनियों से पूछा कि क्या उन्होंने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है? क्या कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा किया है? उन्होंने उद्योग जगत से रोजगार के अवसर बढ़ाने और कर्मचारियों के कल्याण पर ध्यान देने की अपील की।
'टैक्स कम किया, आपने कर्मचारियों के लिए क्या किया?'
FICCI के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया है। इसके अलावा नई टैक्स व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर टैक्स छूट का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने उद्योगपतियों से सवाल किया कि जब सरकार ने टैक्स का बोझ कम किया है, तो कंपनियों ने इसका फायदा अपने कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए हैं?
पीएम मोदी ने कहा कि क्या कंपनियों ने नए लोगों को नौकरी पर रखा और क्या मौजूदा कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? उन्होंने उद्योग जगत से केवल सरकार से और राहत मांगने के बजाय अपनी जिम्मेदारी पर भी विचार करने को कहा।
'आपकी भूख इतनी है, कितना भी खिलाओ पेट नहीं भरता'
प्रधानमंत्री जब कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का जिक्र कर रहे थे, उस दौरान हॉल में तालियां कम सुनाई दीं। इस पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में उद्योगपतियों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पता है कि इस बात पर ज्यादा तालियां नहीं बजेंगी।
उन्होंने कहा, 'आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट भरता नहीं है।'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उद्योग जगत हमेशा सरकार से और ज्यादा राहत की मांग करता है, लेकिन उसे यह भी बताना चाहिए कि उसने रोजगार और कर्मचारियों के वेतन को लेकर क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या हर बार यही सोच रहेगी कि सरकार करे और बाकी जिम्मेदारी कंपनियां बाद में देखेंगी?
'पुरानी सरकारों का अनुभव खट्टा रहा, लेकिन यह दोस्त सरकार है'
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश इस समय 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर आगे बढ़ रहा है और सरकार उद्योगों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों के साथ उद्योग जगत का अनुभव अच्छा नहीं रहा होगा, लेकिन उस पुराने अनुभव का असर अब भी दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार कारोबारियों की दोस्त है और उनकी समस्याओं को समझने के लिए तैयार है।
उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक के सरकार को बताएं कि कारोबार को आसान बनाने के लिए अभी और कौन-से सुधार किए जाने चाहिए। इसके लिए वे अपने सुझाव लिखकर भी भेज सकते हैं।
2047 तक विकसित भारत बनाने में उद्योगों की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए समय-समय पर आत्ममंथन करना जरूरी है। यह बात केवल किसी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उद्योग जगत और पूरे देश पर भी लागू होती है।
उन्होंने कंपनियों से कहा कि उन्हें आने वाले 20 वर्षों के लक्ष्य तय करने चाहिए और यह सोचना चाहिए कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में वे किस तरह योगदान दे सकती हैं।
पीएम मोदी के मुताबिक, उद्योगों को केवल अपने मुनाफे और कारोबार के विस्तार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार, कर्मचारियों के कल्याण और देश की आर्थिक मजबूती में भी योगदान देना चाहिए।
फार्मा की तरह दूसरे क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भर बनने की जरूरत
प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज दुनिया में कई संसाधनों का इस्तेमाल रणनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे में भारत को उन क्षेत्रों में अपनी क्षमता बढ़ानी होगी, जिनकी मांग देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी है।
उन्होंने फार्मा सेक्टर का उदाहरण दिया और कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी के रूप में जाना जाता है, लेकिन इसके बावजूद देश को सक्रिय दवा सामग्री (API) और इंटरमीडिएट्स का बड़े पैमाने पर आयात करना पड़ता है।
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से सवाल किया कि जब इन उत्पादों की जरूरत देश में है, तो इन्हें भारत में ही विकसित करने की दिशा में और तेजी से काम क्यों नहीं किया जा सकता? उन्होंने कहा कि इसी तरह दूसरे क्षेत्रों में भी आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है।
खनिज क्षेत्र में भी विशेषज्ञता हासिल करने पर जोर
प्रधानमंत्री ने खनिज क्षेत्र को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत को इस सेक्टर में अपनी विशेषज्ञता विकसित करनी होगी। उद्योगों को नई तकनीक, अनुसंधान और उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने उद्योग जगत से अपील की कि वह देश की जरूरतों को ध्यान में रखकर निवेश करे और ऐसे उत्पादों के निर्माण में आगे आए, जिनके लिए भारत अभी दूसरे देशों पर निर्भर है।
प्रधानमंत्री के इस संबोधन का मुख्य संदेश यही रहा कि सरकार कारोबार को आसान बनाने और टैक्स का बोझ कम करने के लिए कदम उठा रही है, लेकिन उद्योग जगत को भी रोजगार बढ़ाने, कर्मचारियों की सैलरी बेहतर करने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

