Samachar Nama
×

PLI Scheme: सरकार ने कंपनियों को बांटे ₹36,754 करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को मिला सबसे बड़ा हिस्सा
 

PLI Scheme: सरकार ने कंपनियों को बांटे ₹36,754 करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को मिला सबसे बड़ा हिस्सा

देश में घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने और कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने वाली प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम के तहत सरकार ने जून 2026 तक कंपनियों को 36,754 करोड़ रुपये का इंसेंटिव जारी किया है. इस योजना का उद्देश्य देश में उत्पादन बढ़ाने के साथ निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा आयात पर निर्भरता कम करना है.
PLI योजना के तहत पात्र कंपनियों को उनके उत्पादन और बिक्री में निर्धारित बढ़ोतरी के आधार पर वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाता है. योजना के तहत देश के 14 प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को शामिल किया गया है.


इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को सबसे ज्यादा इंसेंटिव
जून 2026 तक PLI योजना के तहत सबसे ज्यादा इंसेंटिव बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र को मिला है. इस सेक्टर की कंपनियों को अब तक 19,090.98 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं.
इसके बाद फार्मास्यूटिकल्स सेक्टर का नंबर है, जिसे 6,662 करोड़ रुपये का इंसेंटिव मिला है. वहीं, फूड प्रोडक्ट्स के लिए 3,271.44 करोड़ रुपये और ऑटोमोबाइल व ऑटो कंपोनेंट्स के लिए 3,174.15 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं.


इन सेक्टरों को मिला इंसेंटिव
जून 2026 तक विभिन्न PLI सेक्टरों के लिए जारी इंसेंटिव इस प्रकार है:
•    बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण – 19,090.98 करोड़ रुपये
•    फार्मास्यूटिकल्स – 6,662 करोड़ रुपये
•    फूड प्रोडक्ट्स – 3,271.44 करोड़ रुपये
•    ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स – 3,174.15 करोड़ रुपये
•    दूरसंचार और नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स – 2,796 करोड़ रुपये
•    व्हाइट गुड्स – 593 करोड़ रुपये
•    टेक्सटाइल – 386 करोड़ रुपये
•    स्पेशलिटी स्टील – 236 करोड़ रुपये
•    आईटी हार्डवेयर – 98 करोड़ रुपये
•    ड्रोन – 93 करोड़ रुपये
PLI से आया 2.58 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश
PLI योजना के तहत केवल सरकारी इंसेंटिव ही नहीं दिया गया, बल्कि इससे संबंधित सेक्टरों में निवेश भी बढ़ा है. DPIIT के आंकड़ों के अनुसार, 30 जून 2026 तक 14 PLI सेक्टरों में 2.58 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है.
इसी अवधि तक योजना के तहत इन सेक्टरों में करीब 23.79 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन और बिक्री दर्ज की गई. वहीं, इन सेक्टरों से संबंधित निर्यात 15.53 लाख करोड़ रुपये रहा.
14.57 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर
केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में देश के 14 प्रमुख सेक्टरों में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए PLI योजना की शुरुआत की थी. सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना का रोजगार पर भी असर देखने को मिला है.
जून 2026 तक PLI योजना के तहत 14.57 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं. योजना के जरिए सरकार का फोकस देश में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने, निर्यात को बढ़ावा देने और घरेलू उत्पादन को मजबूत करने पर है.

Share this story

Tags