पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा: 1 जुलाई से बढ़ेंगी फीस, वीडियो में जाने तत्काल सेवा के लिए देना होगा 6,000 रुपए तक शुल्क
विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी का फैसला किया है, जो 1 जुलाई से लागू होगी। पासपोर्ट नियमों में संशोधन के बाद विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी है।नई दरों के अनुसार, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस अब 1,500 रुपए से बढ़कर 2,500 रुपए हो जाएगी। वहीं तत्काल सेवा के तहत यही पासपोर्ट बनवाने पर अब 5,000 रुपए चुकाने होंगे, जो पहले 3,500 रुपए थी।
सरकार ने 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस में भी बढ़ोतरी की है। अब इस श्रेणी के सामान्य पासपोर्ट के लिए 2,000 रुपए की जगह 3,500 रुपए देने होंगे। जबकि तत्काल सेवा के लिए इसकी फीस 4,000 रुपए से बढ़कर 6,000 रुपए कर दी गई है।विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह संशोधन पासपोर्ट रूल्स 1980 में बदलाव के बाद किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से फीस में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था। करीब 14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में यह बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 2012 में पासपोर्ट फीस में संशोधन किया गया था।
फीस बढ़ोतरी के बाद आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, खासकर उन लोगों पर जो नौकरी, पढ़ाई या यात्रा के लिए विदेश जाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि यह कदम पासपोर्ट सेवाओं को और बेहतर और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।नई दरें लागू होने के बाद पासपोर्ट आवेदन और री-इश्यू दोनों प्रक्रियाएं महंगी हो जाएंगी। ऐसे में जो लोग जल्द पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

