अब इंस्टामार्ट से मंगाइए LPG सिलेंडर, HPCL के साथ Swiggy की साझेदारी; वीडियो में जाने 30-45 मिनट में मिलेगी डिलीवरी
क्विक कॉमर्स सेक्टर में एक और बड़ा कदम उठाते हुए स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर LPG गैस सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस पहल के तहत ग्राहक अब सीधे इंस्टामार्ट ऐप के जरिए गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।बुधवार, 15 जुलाई को दोनों कंपनियों ने इस नई सेवा के लॉन्च की जानकारी दी। कंपनियों के अनुसार, क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए LPG सिलेंडर की डिलीवरी के लिए यह देश की पहली साझेदारी है।
बेंगलुरु से होगी शुरुआत
इस सेवा की शुरुआत पहले चरण में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से की जा रही है। शुरुआती सफलता के बाद इसे अन्य शहरों में भी विस्तार दिया जा सकता है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्राहक ऑर्डर करने के बाद 30 से 45 मिनट के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि, वास्तविक डिलीवरी समय स्थान और उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।
दो तरह के HPCL सिलेंडर होंगे उपलब्ध
इस साझेदारी के तहत ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर HPCL के दो प्रकार के LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इनमें कंपनी का हाल ही में लॉन्च किया गया 'HP नव्या' 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर भी शामिल है।यह कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों की तुलना में हल्का होता है और इसकी बॉडी पारदर्शी होने के कारण गैस का स्तर भी आसानी से देखा जा सकता है। इसके अलावा यह जंग-रोधी और उपयोग में अधिक सुविधाजनक माना जाता है।
ग्राहकों को मिलेगा तेज और आसान विकल्प
नई सेवा का उद्देश्य उन ग्राहकों को तेज और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराना है, जिन्हें कम समय में LPG सिलेंडर की आवश्यकता होती है। इंस्टामार्ट के जरिए ऑर्डर करने पर ग्राहकों को अलग से गैस एजेंसी जाने या लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।कंपनियों का मानना है कि यह पहल क्विक कॉमर्स को दैनिक जरूरतों की पूर्ति से आगे बढ़ाकर घरेलू ऊर्जा सेवाओं तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
क्विक कॉमर्स बाजार में बढ़ेगा प्रतिस्पर्धा
भारत में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म तेजी से अपने उत्पादों की श्रेणी का विस्तार कर रहे हैं। पहले जहां ये प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से किराना और दैनिक उपयोग का सामान पहुंचाते थे, वहीं अब दवाइयों, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू जरूरत की अन्य वस्तुओं के साथ LPG सिलेंडर जैसी सेवाएं भी जोड़ रहे हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में देश के अन्य बड़े शहरों में भी इस तरह की क्विक LPG डिलीवरी सेवा शुरू की जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं को पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।

