ग्लोबल बाजार से मिल रहे मिलेजुले संकेत,एशिया के बाज़ारों की पॉजिटिव शुरुआत, गिफ्ट निफ्टी 55 अंक नीचे
बिज़नस न्यूज़ डेस्क,आज बाजार के लिए ग्लोबल संकेत मिलेजुले हैं। एशिया की पॉजिटिव शुरुआत देखने को मिली है। उधर गिफ्ट निफ्टी 55 अंक नीचे कारोबार कर रहा है। US फ्यूचर्स में फ्लैट कामकाज हो रहा है। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शुक्रवार को अमेरिकी बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए, हालांकि साप्ताहिक आधार पर गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों का फोकस अब जुलाई के रिटेल महंगाई और खुदरा बिक्री के आंकड़ों पर है, जो अर्थव्यवस्था के बारे में नए संकेत देंगे। शुक्रावार को डाओ जोन्स 51 अंक, एसएंडपी500 इंडेक्स 25 अंक और नैस्डैक 85 अंकों की बढ़त लेकर बंद हुआ था।बाजार को अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों का इंतजार है। अमेरिका के महंगाई के आंकड़े 14 अगस्त को आएंगे। बाजार को सितंबर में अमेरिका में दरें घटने की उम्मीद है। इस बीच दुनिया की सबसे बड़ी चिपमेकर टीएसएमसी का कहना है कि एआई की मांग बढ़ने के कारण जुलाई के कंपनी की आय में 45 फीसदी की बढ़त हुई है, बड़े निवेशक पिछले सप्ताह की बिकवाली के बाद शेयरों को खरीद रहे हैं।
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड की बात करें तो 30 साल की यूएस बॉन्ड यील्ड 4.22 फीसदी पर, 10 साल की यूएस बॉन्ड यील्ड 3.94 फीसदी पर, 5 साल की यूएस बॉन्ड यील्ड 3.80 फीसदी पर और 2 साल की यूएस बॉन्ड यील्ड 4.06 फीसदी पर दिख रही है।
एशियाई बाजार
एशियाई शेयरों में सोमवार को सप्ताह की शुरुआत शांत रही, क्योंकि जापान में छुट्टी के कारण हाल की वोलैचिल्टी का एक कारण समाप्त हो गया है। अब निवेशक वैश्विक विकास संभावनाओं पर अपडेट के लिए अमेरिकी और चीनी के प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखे हुए हैं। हैंग सेंग में 0.17 फीसदी की गिरावट दिख रही है। वहीं, ताइवान का बाजार 1.10 फीसदी और कोस्पी 1.07 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

