Swiggy Instamart में बड़ी छंटनी, करीब 340 कर्मचारियों की गई नौकरी; री-स्ट्रक्चरिंग के तहत लिया फैसला
ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी के इंस्टामार्ट कारोबार में करीब 340 कर्मचारियों की नौकरी चली गई है। कंपनी ने कारोबारी ढांचे में बदलाव यानी री-स्ट्रक्चरिंग के तहत यह फैसला लिया है। छंटनी का सबसे ज्यादा असर कॉरपोरेट और सपोर्ट फंक्शन से जुड़े कर्मचारियों पर पड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने कामकाज को अधिक कुशल बनाने और ऑपरेशनल लागत पर नियंत्रण रखने की कोशिश कर रही है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब क्विक कॉमर्स सेक्टर में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है और कंपनियां अपने कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल भी बढ़ा रही हैं।
हालांकि, स्विगी ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि किन विभागों और पदों से कितने कर्मचारियों को हटाया गया है। कंपनी की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।
किन विभागों के कर्मचारियों पर पड़ा असर?
सूत्रों के अनुसार, छंटनी का मुख्य असर कॉरपोरेट और सपोर्ट फंक्शन में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है। हालांकि, प्रभावित टीमों और पदों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
यह फैसला इंस्टामार्ट की नई CEO नंदिता सिन्हा के पद संभालने के कुछ महीने बाद आया है। उन्होंने 3 अगस्त को इंस्टामार्ट की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह फैशन ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा की प्रमुख थीं। उन्होंने अमितेश झा की जगह ली थी।
कंपनी में AI का बढ़ता इस्तेमाल और कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिशें इस बदलाव के बीच चर्चा में हैं। हालांकि, स्विगी ने यह नहीं कहा है कि छंटनी सीधे तौर पर AI की वजह से की गई है।
इंस्टामार्ट का घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये पहुंचा
इंस्टामार्ट के वित्तीय नतीजों में भी कारोबार पर दबाव नजर आया है। सितंबर तिमाही में कंपनी का एडजस्टेड EBITDA घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछली जून तिमाही में यह घाटा 778 करोड़ रुपये था।
हालांकि, घाटे के मार्जिन में मामूली सुधार हुआ। सितंबर तिमाही में एडजस्टेड EBITDA मार्जिन -9.7% रहा, जबकि जून तिमाही में यह -9.8% था।
दूसरी ओर, कंपनी के नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सितंबर तिमाही में यह पिछली तिमाही के मुकाबले 13.4% बढ़कर 6,594 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी ने 69 नए डार्क स्टोर भी शुरू किए, जिसके बाद इनकी कुल संख्या 1,240 हो गई।
Blinkit और Zepto से मिल रही कड़ी चुनौती
भारत के क्विक कॉमर्स बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार तेज हो रही है। स्विगी इंस्टामार्ट को ब्लिंकिट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ जैसी कंपनियों से मुकाबला करना पड़ रहा है।
इन कंपनियों के बीच कम समय में डिलीवरी, उत्पादों की ज्यादा वैरायटी और आकर्षक कीमतों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। ऐसे में सभी कंपनियां अपने संचालन को बेहतर बनाने और लागत कम करने पर जोर दे रही हैं।
अपने ब्रांड के उत्पादों पर भी फोकस
इंस्टामार्ट अपनी कारोबारी रणनीति में बदलाव करते हुए प्राइवेट लेबल यानी अपने ब्रांड के उत्पादों पर भी ध्यान दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने स्नैक्स और बेवरेज के लिए 'नोइस' और ताजे फल-सब्जियों के लिए 'नेक्टर' ब्रांड पेश किए हैं।
कंपनी का जोर केवल उत्पादों की संख्या बढ़ाने के बजाय ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने पर है। बढ़ते घाटे और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच स्विगी के लिए लागत नियंत्रण और कारोबार की रफ्तार बनाए रखना बड़ी चुनौती बनी हुई है।

