Samachar Nama
×

1 सितंबर से LPG सिलेंडर महंगा, दूध और कारों के दाम भी बढ़े, वीडियो में जानें आज से क्या-क्या बदला

1 सितंबर से LPG सिलेंडर महंगा, दूध और कारों के दाम भी बढ़े, वीडियो में जानें आज से क्या-क्या बदला

सितंबर महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई का झटका लेकर आई है। आज यानी 1 सितंबर 2026 से कई चीजों की कीमतों में बदलाव हुआ है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में औसतन 11.50 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके अलावा 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी है। वहीं मुंबई में दूध की कीमत में करीब 9 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। दूसरी ओर वाहन खरीदने वालों के लिए भी आज से जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। टाटा मोटर्स और हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की है।

कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

तेल कंपनियों ने 1 सितंबर से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। अलग-अलग शहरों में कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी हुई है। कोलकाता में 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 2,884 रुपये हो गई है, जबकि पहले इसके लिए 2,872.50 रुपये चुकाने पड़ते थे। यानी यहां करीब 11.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।इसके अलावा 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत भी 2 रुपये बढ़ाई गई है। अब 5 किलो वाले सिलेंडर को रिफिल कराने के लिए ग्राहकों को करीब 764 रुपये ने होंगे।हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत में इस बदलाव का सीधा असर नहीं पड़ा है। घरेलू LPG के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं।

रेस्टोरेंट और शादी की कैटरिंग हो सकती है महंगी

कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा होने का असर सीधे तौर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार पर पड़ सकता है। गैस की लागत बढ़ने से कारोबारियों का मासिक खर्च बढ़ेगा। ऐसे में इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला जा सकता है।इस वजह से चाय, नाश्ता, भोजन की थाली और दूसरे खाद्य पदार्थों की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा शादी-ब्याह और अन्य समारोहों में कैटरिंग का खर्च भी बढ़ सकता है।

LPG e-KYC नहीं कराया तो सब्सिडी में परेशानी

LPG ग्राहकों के लिए e-KYC भी महत्वपूर्ण है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने LPG कनेक्शन की e-KYC पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। e-KYC पूरी करने की समयसीमा 31 अगस्त 2026 रखी गई थी।ऐसे में जिन ग्राहकों ने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अपने LPG कनेक्शन और सब्सिडी की स्थिति की जांच कर लेनी चाहिए। संबंधित तेल कंपनी के ऐप या आधिकारिक माध्यम से उपलब्ध सुविधा के जरिए ग्राहक अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।

मुंबई में दूध भी महंगा

सितंबर के पहले दिन मुंबई के लोगों को दूध की कीमत में बढ़ोतरी का झटका भी लगा है। मुंबई में आज से दूध 9 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है। दूध रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु है, इसलिए कीमत बढ़ने का सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा।दूध के साथ-साथ इससे बनने वाले उत्पादों और बाहर मिलने वाली चाय-कॉफी जैसी चीजों की कीमतों पर भी अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है।

टाटा मोटर्स की गाड़ियां 25 हजार रुपये तक महंगी

कार खरीदने वालों के लिए भी 1 सितंबर से जेब ढीली होगी। टाटा मोटर्स ने आज से अपने सभी मॉडल्स और वैरिएंट्स की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। यानी नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

हुंडई की कारें भी महंगी

टाटा मोटर्स के बाद हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी गाड़ियों की कीमतों में 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। कंपनी की अलग-अलग कारों और वैरिएंट्स पर कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग हो सकती है।इस तरह सितंबर की शुरुआत में LPG, दूध और कारों की कीमतों में बदलाव से आम लोगों और कारोबारियों के बजट पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर रोजमर्रा के खर्च और वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब बढ़ी हुई कीमतों को ध्यान में रखना होगा।

Share this story

Tags