Lahori Zeera: रसोई के छोटे से एक्सपेरिमेंट ने खड़ी की 1,112 करोड़ की कंपनी, 10 रुपये की बोतल ने मचाई धूम
कोका-कोला, पेप्सी, फैंटा और मिरिंडा जैसी बड़ी कंपनियों की कोल्ड ड्रिंक्स के बीच इन दिनों लाहौरी जीरा तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। जीरे और मसालों के देसी स्वाद वाली इस ड्रिंक ने बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है। खास बात यह है कि इसकी शुरुआत किसी बड़ी फैक्ट्री या कारोबारी योजना से नहीं, बल्कि घर की रसोई में किए गए एक छोटे से प्रयोग से हुई थी। आज यही प्रयोग करोड़ों के कारोबार में बदल चुका है।
लाहौरी जीरा बनाने वाली कंपनी को उम्मीद है कि उसका सालाना कारोबार इस साल 115 से 120 मिलियन डॉलर यानी करीब 1,112 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। आइए जानते हैं कि आखिर इस देसी ड्रिंक का आइडिया कैसे आया और तीन दोस्तों ने इसे बड़ा ब्रांड कैसे बनाया।
तीन कजिन भाइयों ने 2017 में शुरू किया बिजनेस
BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौरी जीरा की शुरुआत साल 2017 में पंजाब के तीन कजिन भाइयों सौरभ मुंजाल, निखिल डोडा और सौरभ भूटना ने की थी।
एक दिन तीनों घर पर साथ बैठे थे। इसी दौरान निखिल डोडा ने रसोई में मौजूद सामान्य चीजों की मदद से जीरे के स्वाद वाली एक ठंडी और मसालेदार ड्रिंक तैयार की। तीनों को इसका स्वाद काफी पसंद आया। इसके बाद उनके मन में इस ड्रिंक को बाजार में बेचने का विचार आया।
परिवार से शुरुआती आर्थिक मदद मिलने के बाद उन्होंने कारोबार शुरू कर दिया। धीरे-धीरे यह छोटा सा घरेलू प्रयोग एक बड़े पेय ब्रांड में बदल गया।
10 रुपये की बोतल ने बनाई अलग पहचान
लाहौरी जीरा की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इसकी कीमत भी है। इसकी एक बोतल महज 10 रुपये में उपलब्ध है। इसमें जीरे का पारंपरिक स्वाद और सोडा का एहसास मिलता है।
बाजार में पहले से मौजूद मीठी कोल्ड ड्रिंक्स से अलग स्वाद चाहने वाले ग्राहक भी इसे पसंद कर रहे हैं। कम कीमत और देसी फ्लेवर के कारण इस ड्रिंक को छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े बाजारों तक जगह मिली है।
रोजाना बन रही हैं 12 लाख बोतलें
कंपनी के CEO सौरभ मुंजाल के मुताबिक, पिछले साल कंपनी ने अपना उत्पादन दोगुना कर दिया था। इसके बाद रोजाना करीब 12 लाख बोतलें तैयार होने लगीं। इसके बावजूद कंपनी ग्राहकों की बढ़ती मांग पूरी नहीं कर पा रही है।
कंपनी को उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष में उसका सालाना कारोबार 115 से 120 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 1,112 करोड़ रुपये बैठती है।
छोटे प्रयोग से बड़ा ब्रांड बनने की कहानी
लाहौरी जीरा की कहानी बताती है कि बाजार में जगह बनाने के लिए हमेशा बड़े निवेश या बड़े सेटअप की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक साधारण विचार भी बड़ा कारोबार खड़ा कर सकता है। तीन कजिन भाइयों ने घर की रसोई में तैयार की गई ड्रिंक को बाजार तक पहुंचाया और देसी स्वाद के दम पर एक अलग पहचान बना ली।
नोट: लाहौरी जीरा को हेल्दी या स्वास्थ्य के लिए नुकसानरहित कहना सही नहीं होगा। सोडा और चीनी की मात्रा के आधार पर इसका सेवन भी सीमित रखना चाहिए।

