IndiGo ने लॉन्च किया 'IndiGo Lite' किराया, वीडियो में जाने सिर्फ 7 किलो केबिन बैग के साथ यात्रा करने वालों को मिलेगा सस्ता टिकट
देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने कम सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नया और किफायती किराया 'IndiGo Lite' लॉन्च किया है। इस नई योजना के तहत केवल 7 किलोग्राम तक के केबिन बैग के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान्य टिकट की तुलना में कम किराए पर सफर करने का विकल्प मिलेगा।
एयरलाइन का उद्देश्य ऐसे यात्रियों को सस्ता टिकट उपलब्ध कराना है, जिन्हें चेक-इन बैगेज की जरूरत नहीं होती और जो केवल हाथ में ले जाने वाले बैग के साथ यात्रा करते हैं।
क्या है 'IndiGo Lite' फीचर?
'IndiGo Lite' कंपनी का नया एंट्री-लेवल इकोनॉमी क्लास किराया है। यह विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो हल्के सामान के साथ यात्रा करते हैं।
इस प्लान के तहत:
- यात्री केवल 7 किलोग्राम तक का केबिन बैग ले जा सकेंगे।
- चेक-इन बैगेज इस किराए में शामिल नहीं होगा।
- बदले में यात्रियों को सामान्य टिकट के मुकाबले कम बेस फेयर (मूल किराया) देना होगा।
सस्ती हवाई यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
इंडिगो का मानना है कि बड़ी संख्या में यात्री छोटे सफर के दौरान केवल केबिन बैग के साथ यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों को चेक-इन बैगेज का शुल्क नहीं देना पड़े, इसलिए यह नया किराया पेश किया गया है। इससे शुरुआती टिकट कीमतें कम रखने में भी मदद मिलेगी।
एयर इंडिया भी शुरू कर चुकी है ऐसा विकल्प
इंडिगो से पहले एयर इंडिया ने भी पिछले महीने बेसिक इकोनॉमी किराया शुरू किया था। यह उन यात्रियों के लिए है, जो कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं और जिन्हें फ्लाइट में मिलने वाला मुफ्त भोजन जैसी अतिरिक्त सुविधाओं की आवश्यकता नहीं होती।
यात्रियों को मिलेगा ज्यादा विकल्प
एविएशन सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच एयरलाइंस अब अलग-अलग जरूरतों वाले यात्रियों के लिए विशेष किराया श्रेणियां पेश कर रही हैं। 'IndiGo Lite' भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है, जिससे कम सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को कम कीमत में हवाई सफर का विकल्प मिलेगा।

