भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू, ब्रिटिश कारें, व्हिस्की और फुटवियर होंगे सस्ते; वीडियो में जाने कारोबार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच लंबे इंतजार के बाद फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आज से आधिकारिक रूप से लागू हो गया है। इस समझौते के लागू होने के साथ ही भारत में ब्रिटेन की कारें, व्हिस्की, कपड़े और फुटवियर पहले के मुकाबले सस्ते मिलने की उम्मीद है। वहीं भारतीय निर्यातकों के लिए भी ब्रिटिश बाजार के दरवाजे और अधिक खुल गए हैं।इस ऐतिहासिक व्यापार समझौते के तहत अब भारत के 99% उत्पादों का UK में जीरो टैरिफ (शून्य आयात शुल्क) पर निर्यात किया जा सकेगा। दूसरी ओर, UK के 99% उत्पाद भारत में औसतन 3% टैरिफ के साथ आयात किए जाएंगे। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
2030 तक 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है कारोबार
विशेषज्ञों का मानना है कि इस समझौते के लागू होने के बाद भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय व्यापार में तेज़ बढ़ोतरी होगी। अनुमान है कि 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना होकर 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इससे व्यापार, निवेश, रोजगार और विनिर्माण क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।
तीन साल चली बातचीत के बाद हुआ समझौता
भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। करीब तीन वर्षों में 14 दौर की बातचीत के बाद दोनों देशों ने इस समझौते को अंतिम रूप दिया।24 जुलाई 2025 को भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मौजूदगी में इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
उपभोक्ताओं और उद्योगों को होगा फायदा
FTA लागू होने से भारतीय उपभोक्ताओं को ब्रिटेन से आयात होने वाले कई प्रीमियम उत्पाद कम कीमत पर मिल सकते हैं। वहीं भारतीय उद्योगों, खासकर टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, फुटवियर, इंजीनियरिंग गुड्स, ऑटो कंपोनेंट्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, कृषि और समुद्री उत्पादों के निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह समझौता भारत की वैश्विक व्यापार रणनीति को मजबूत करेगा और भारतीय कंपनियों को ब्रिटेन के बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगा। साथ ही दोनों देशों के बीच निवेश, तकनीक और आर्थिक सहयोग के नए अवसर भी खुलेंगे।

