Hurun Rich List 2026: अडानी परिवार फिर बना भारत का सबसे अमीर, अंबानी दूसरे नंबर पर; जानें टॉप 10 नाम
भारत के सबसे अमीर कारोबारियों की चर्चा होते ही मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे बड़े नाम सामने आते हैं. अब M3M Hurun India Rich List 2026 में देश के प्रमुख अमीर परिवारों और कारोबारियों की संपत्ति से जुड़ी तस्वीर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल गौतम अडानी और उनका परिवार सबसे ऊपर है, जबकि मुकेश अंबानी और उनका परिवार दूसरे स्थान पर है.
अडानी परिवार की संपत्ति 9.23 लाख करोड़ रुपये
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी और परिवार की कुल संपत्ति करीब 9.23 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है. पिछले साल की तुलना में अडानी परिवार की संपत्ति में करीब 13 फीसदी की बढ़ोतरी बताई गई है.
वहीं, पिछले साल सबसे अमीर भारतीय परिवार के तौर पर पहले स्थान पर रहने वाला अंबानी परिवार इस बार दूसरे नंबर पर है. रिपोर्ट में मुकेश अंबानी और परिवार की कुल संपत्ति करीब 8.63 लाख करोड़ रुपये बताई गई है.
भारत के टॉप 10 अमीर परिवार और कारोबारी
M3M Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक टॉप 10 में शामिल नाम इस प्रकार हैं:
1. गौतम अडानी और परिवार
2. मुकेश अंबानी और परिवार
3. एलएन मित्तल और परिवार
4. साइरस पूनावाला और परिवार
5. रोशनी नाडर मल्होत्रा और परिवार
6. कुमार मंगलम बिड़ला और परिवार
7. दिलीप सांघवी और परिवार
8. अजीम प्रेमजी और परिवार
9. अनिल अग्रवाल और परिवार
10. समीर मेहता और परिवार
भारत में बढ़ी अरबपतियों की संख्या
रिपोर्ट में भारत में अरबपतियों की बढ़ती संख्या पर भी जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक देश में अब 1 अरब डॉलर या उससे ज्यादा संपत्ति वाले 391 अरबपति हैं. पिछले एक साल में इस सूची में 27 नए नाम जुड़े हैं.
अगर पांच साल पहले के आंकड़ों से तुलना करें तो उस समय भारत में 237 डॉलर अरबपति थे. यानी कुछ वर्षों में देश में अरबपतियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है.
अब इन सेक्टर्स से भी बन रही बड़ी संपत्ति
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत में बड़ी संपत्ति बनाने वाले कारोबार अब सिर्फ पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं. Artificial Intelligence (AI), Data Centres, Semiconductors, Defence, Aerospace और Green Energy जैसे सेक्टर भी तेजी से उभर रहे हैं.
इस साल की सूची में AI से जुड़े 19 लोगों को जगह मिली है, जिनमें 15 नाम पहली बार शामिल हुए हैं. इसके अलावा डिफेंस, एयरोस्पेस और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भी नए कारोबारी तेजी से बड़ी संपत्ति बनाने वालों की सूची में शामिल हुए हैं.

