Gold Silver Price Today : सोने-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, लगातार चौथे दिन सस्ता हुआ सोना
नई दिल्ली: घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. सोने के भाव में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोरी दर्ज की गई. दिल्ली के बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,600 रुपये गिरकर 1,52,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इससे पहले बुधवार को इसका भाव 1,54,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था.
सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार के कमजोर संकेत, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी को प्रमुख कारण माना जा रहा है. ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली और खुदरा मांग में नरमी ने भी कीमती धातु पर दबाव बढ़ाया.
चांदी के भाव में भी 5 हजार रुपये की गिरावट
सोने के साथ चांदी की कीमत में भी गुरुवार को तेज गिरावट देखने को मिली. लगातार दो दिन स्थिर रहने के बाद चांदी 5,000 रुपये सस्ती होकर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. बुधवार को चांदी का भाव 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था.
कारोबारियों के मुताबिक, चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव अधिक रहने और औद्योगिक मांग से जुड़े होने के कारण इसमें बिकवाली का दबाव ज्यादा दिखाई दिया. वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों ने भी घरेलू कीमतों को प्रभावित किया.
रुपये की कमजोरी से गिरावट पर कुछ असर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 95.96 के स्तर तक पहुंच गया. रुपये की कमजोरी ने घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट को कुछ हद तक सीमित किया.
HDFC Securities के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी के मुताबिक, कमजोर वैश्विक संकेतों और खुदरा मांग में कमी के बीच घरेलू सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. मजबूत डॉलर और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से कीमती धातुओं की कीमतों पर असर पड़ा है.
विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी टूटा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. हाजिर सोना करीब 33.74 डॉलर यानी लगभग 1 फीसदी गिरकर 4,253.61 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. वहीं, चांदी 1.4 फीसदी टूटकर 63.56 डॉलर प्रति औंस रह गई.
इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को भी कीमती धातुओं के लिए नकारात्मक संकेत माना गया. वैश्विक स्तर पर डॉलर की मजबूती और ऊंची बॉन्ड यील्ड के बीच निवेशकों की बिकवाली से सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

