फिर बढ़े सोने-चांदी के दाम: 10 ग्राम सोना ₹1.53 लाख का हुआ, चांदी में ₹2,406 की बड़ी तेजी
सोने और चांदी की कीमतों में आज यानी 8 सितंबर को तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹606 बढ़कर ₹1.53 लाख हो गया है। वहीं, चांदी की कीमत में भी उछाल आया है। एक किलो चांदी ₹2,406 महंगी होकर ₹2.34 लाख पर पहुंच गई है।
अलग-अलग शहरों में क्यों बदल जाते हैं सोने के भाव?
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत एक जैसी नहीं होती। इसके पीछे कई स्थानीय कारण जिम्मेदार होते हैं।
1. ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा का खर्च:
सोने को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने में परिवहन और सुरक्षा का खर्च शामिल होता है। दूरी और लॉजिस्टिक्स का खर्च बढ़ने पर कीमत पर भी इसका असर पड़ सकता है।
2. स्थानीय मांग और खरीदारी:
किसी शहर में सोने की मांग ज्यादा होने पर ज्वेलर्स की खरीदारी का पैटर्न भी बदल जाता है। दक्षिण भारत में सोने की खपत काफी अधिक है, जिससे वहां के बाजार में कीमतों पर असर पड़ सकता है।
3. स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन:
राज्य और शहर स्तर पर काम करने वाले ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग, सप्लाई और बाजार की स्थिति के हिसाब से कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं।
4. ज्वेलर्स का पुराना स्टॉक:
ज्वेलर्स ने सोना किस कीमत पर खरीदा था, इसका असर भी ग्राहकों को मिलने वाले रेट पर पड़ता है। पुराने स्टॉक की खरीद कीमत और मौजूदा बाजार भाव के बीच अंतर होने पर बिक्री कीमत अलग हो सकती है।
2026 में अब तक करीब ₹19 हजार महंगा हुआ सोना
साल 2026 में सोने की कीमत में काफी तेजी देखने को मिली है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब ₹1.33 लाख था, जो अब बढ़कर ₹1.53 लाख के आसपास पहुंच चुका है। यानी इस साल अब तक सोना करीब ₹19 हजार महंगा हो गया है।
चांदी की कीमत में भी बदलाव आया है। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी का भाव करीब ₹2.30 लाख था, जो अब बढ़कर ₹2.34 लाख हो गया है।
हालांकि, इस दौरान दोनों धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर भी देखे। 29 जनवरी 2026 को सोने का भाव ₹1.76 लाख और चांदी का भाव ₹3.86 लाख प्रति किलो के ऑलटाइम हाई तक पहुंच गया था।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान
1. BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें:
सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
2. खरीदने से पहले भाव जरूर जांचें:
सोना खरीदने से पहले उसके वजन और उस दिन के बाजार भाव को अलग-अलग स्रोतों से जरूर चेक करें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के रेट अलग होते हैं।
3. मेकिंग चार्ज पर बात करें:
गहने खरीदते समय मेकिंग चार्ज भी बिल का बड़ा हिस्सा हो सकता है। यह शुल्क हर ज्वेलर के यहां अलग हो सकता है और कई मामलों में इस पर बातचीत की गुंजाइश रहती है। खरीदारी से पहले मेकिंग चार्ज या लेबर कॉस्ट का पूरा ब्रेकअप जरूर मांगें।

