सोना 38 हजार रुपए सस्ता होते ही धनतेरस-दिवाली पर खरीदारी में 30% उछाल, वीडियो में जाने देश में बिका 52 टन गोल्ड; 72 हजार करोड़ का कारोबार
सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद धनतेरस और दिवाली पर देशभर में सोने की खरीदारी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। रिकॉर्ड स्तर से सोने के दाम करीब 38 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक गिरने के बाद ग्राहक एक बार फिर बाजार में लौटे। इस बार धनतेरस और दिवाली के दौरान पिछले साल के मुकाबले सोने की खरीदारी में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान देशभर में करीब 52 टन सोना खरीदा गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 72 हजार करोड़ रुपए रही। वहीं, चांदी की खरीदारी में भी तेजी आई और इसकी बिक्री 10 प्रतिशत बढ़कर 300 टन तक पहुंच गई।
1.80 लाख से घटकर 1.42 लाख रुपए पर आया सोना
सोने की कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारों को बड़ी राहत दी है। सोना अपने रिकॉर्ड स्तर 1.80 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से घटकर करीब 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यानी कीमतों में लगभग 38 हजार रुपए और करीब 21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कीमतें कम होने के बाद उन ग्राहकों ने भी खरीदारी शुरू कर दी, जिन्होंने महंगे दामों के चलते पहले सोना खरीदने का फैसला टाल दिया था।इसका असर धनतेरस और दिवाली के दौरान बाजार में देखने को मिला। ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ी और सोने के आभूषणों के साथ सिक्कों की खरीदारी में भी तेजी आई।
चांदी की खरीदारी भी 10% बढ़ी
सोने के साथ चांदी की मांग में भी इजाफा हुआ। धनतेरस और दिवाली के दौरान देश में करीब 300 टन चांदी खरीदी गई। पिछले साल के मुकाबले इसमें 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चांदी की इस खरीदारी का कुल मूल्य लगभग 5,400 करोड़ रुपए बताया गया है।त्योहारी सीजन में सोने और चांदी दोनों की खरीदारी बढ़ने से सराफा बाजार में कारोबार को मजबूती मिली।
सितंबर तक 50% घट गई थी सोने की बिक्री
इस वित्त वर्ष में सितंबर तक सोने की बिक्री की मात्रा पिछले साल के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत घट गई थी। इसके पीछे सोने की लगातार बढ़ती कीमतें, इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील को वजह बताया गया था।महंगे सोने के कारण आम ग्राहकों के लिए आभूषण खरीदना मुश्किल हो गया था। कई लोगों ने शादी और त्योहारों के लिए होने वाली खरीदारी भी टाल दी थी। हालांकि, कीमतों में गिरावट आने के बाद बाजार में फिर से मांग बढ़ने लगी।
शादी के सीजन ने भी बढ़ाई मांग
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, सोने की कीमतें बढ़ने के कारण कई ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी थी। अब दाम कम होने के बाद ऐसे ग्राहक दोबारा बाजार में लौटे हैं। उन्होंने बताया कि सोने की खरीदारी अभी भी जारी है।IBJA के मुताबिक, शादी के सीजन की शुरुआत ने भी सोने की मांग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने से ज्वेलरी बाजार को फायदा मिला है। इस तरह कीमतों में गिरावट और शादी के सीजन ने मिलकर इस बार धनतेरस और दिवाली पर सोने-चांदी के कारोबार को रफ्तार दी।

