सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट! ₹3,200 तक घटे दाम, जानिए किस शहर में मिल रहा सबसे सस्ता गोल्ड
सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को कमजोरी देखने को मिली। घरेलू बाजार में कारोबार के दौरान चांदी करीब 2,300 रुपये तक सस्ती हो गई। चांदी 1,689 रुपये यानी 0.70 फीसदी की गिरावट के साथ 2,39,914 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,39,893 रुपये प्रति किलोग्राम का निचला स्तर और 2,41,122 रुपये प्रति किलोग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
वहीं, देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत अभी भी 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर बनी हुई है।
दिल्ली में सोना सबसे महंगा
राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,55,830 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे में 24 कैरेट सोना 1,55,680 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा वडोदरा और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,730 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
आपके शहर में चांदी का क्या भाव?
चांदी की कीमतों में भी अलग-अलग शहरों के हिसाब से अंतर देखने को मिल रहा है। चेन्नई, हैदराबाद और केरल में चांदी का भाव करीब 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम है।
वहीं दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे, वडोदरा और अहमदाबाद में चांदी करीब 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर है। यानी दक्षिण भारत के कुछ प्रमुख बाजारों में चांदी की कीमत दिल्ली और कई अन्य बड़े शहरों के मुकाबले करीब 10 हजार रुपये प्रति किलो ज्यादा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना करीब 0.75 फीसदी गिरकर 4,391 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी भी करीब 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 66 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही।
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
जानकारों के मुताबिक, कीमती धातुओं पर इस समय कई वैश्विक कारकों का असर देखने को मिल रहा है। इनमें सबसे प्रमुख वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती मानी जा रही है। डॉलर इंडेक्स 100 के ऊपर बना हुआ है और करीब चार हफ्तों के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद से भी निवेशकों का रुख सोने और चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों से कुछ हद तक बदल सकता है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिल रहा है।
डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं—यूरो, जापानी येन, ब्रिटिश पाउंड, कनाडाई डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक—के मुकाबले मापता है। डॉलर मजबूत होने पर आमतौर पर सोने और चांदी जैसी डॉलर में कीमत तय होने वाली कमोडिटीज पर दबाव देखने को मिल सकता है।

