Flipkart के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति ने दिया इस्तीफा, 9 साल बाद छोड़ी कंपनी की कमान; IPO पर भी बढ़ा सस्पेंस
देश की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों में शामिल फ्लिपकार्ट में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कंपनी के ग्रुप CEO कल्याण कृष्णमूर्ति ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी विदाई की जानकारी फ्लिपकार्ट की पेरेंट कंपनी वॉलमार्ट के एग्जीक्यूटिव निकोलस ने दी। हालांकि, उन्होंने कृष्णमूर्ति के इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है।
कल्याण कृष्णमूर्ति पिछले करीब 9 साल से फ्लिपकार्ट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब कंपनी के IPO यानी शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर पहले से ही अनिश्चितता बनी हुई है। करीब 38 अरब डॉलर से अधिक वैल्यूएशन वाली फ्लिपकार्ट के भविष्य की रणनीति और नए नेतृत्व को लेकर अब चर्चाएं तेज हो गई हैं।
2017 में संभाली थी CEO की जिम्मेदारी
कल्याण कृष्णमूर्ति ने जनवरी 2017 में फ्लिपकार्ट के CEO के रूप में काम शुरू किया था। इसके बाद 2018 में उन्हें प्रमोट करके ग्रुप CEO की जिम्मेदारी सौंप दी गई। फ्लिपकार्ट से जुड़ने से पहले वह कंपनी के शुरुआती निवेशकों में शामिल टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट के साथ काम कर चुके थे।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई थी, जब फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक सचिन बंसल और बिन्नी बंसल कंपनी के एग्जीक्यूटिव कंट्रोल से पीछे हट रहे थे।
साल 2018 में अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट ने करीब 16 अरब डॉलर में फ्लिपकार्ट की 77 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली थी। यह भारतीय ई-कॉमर्स सेक्टर के सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक था। इस बड़े सौदे के बाद भी कृष्णमूर्ति कंपनी के CEO बने रहे और कारोबार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालते रहे।
फ्लिपकार्ट के IPO पर वॉलमार्ट ने बढ़ाया प्लान
फ्लिपकार्ट की वैल्यूएशन इस साल 38 अरब डॉलर के पार पहुंच चुकी है। कंपनी भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग की दिशा में भी कई अहम कदम उठा चुकी है। इसी सिलसिले में मार्च में फ्लिपकार्ट ने अपना कॉर्पोरेट मुख्यालय सिंगापुर से भारत स्थानांतरित किया था।
हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉलमार्ट ने फिलहाल फ्लिपकार्ट के IPO की योजना को आगे बढ़ा दिया है। इससे कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के नाराज होने की खबरें भी सामने आई हैं।
वॉलमार्ट के एग्जीक्यूटिव निकोलस ने IPO की कोई निश्चित समयसीमा बताने से इनकार किया। उनका कहना है कि कंपनी फिलहाल जल्द शेयर बाजार में उतरने के बजाय लंबे समय की ग्रोथ और कारोबार को मजबूत बनाने पर ध्यान दे रही है।
वॉलमार्ट बोला- IPO के जरिए तुरंत पैसा जुटाने की जरूरत नहीं
ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में निकोलस ने कहा कि फ्लिपकार्ट को लंबे समय तक मजबूत और टिकाऊ कारोबार बनाना IPO की सही टाइमिंग तय करने से ज्यादा महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी बताया कि वॉलमार्ट की मजबूत वित्तीय स्थिति के कारण फ्लिपकार्ट को तुरंत पूंजी जुटाने के लिए शेयर बाजार में उतरने की जरूरत नहीं है। इससे कंपनी को यह तय करने की आजादी मिलती है कि लिस्टिंग के लिए कौन सा समय बेहतर रहेगा और किस तरह लंबे समय की रणनीति को आगे बढ़ाया जाए।
पूर्व कर्मचारियों के ESOP पर भी अटकी नजर
IPO में देरी का असर फ्लिपकार्ट के उन पूर्व कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी पड़ सकता है, जिनके पास कंपनी के स्टॉक ऑप्शंस यानी ESOP हैं। ऐसे कई पूर्व अधिकारी अपनी हिस्सेदारी बेचकर निवेश से पैसा निकालना चाहते हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पूर्व एग्जीक्यूटिव्स ने वॉलमार्ट से उनके शेयर खरीदने यानी बायआउट करने का आग्रह किया है।
हालांकि, निकोलस ने इस बारे में कोई स्पष्ट फैसला नहीं बताया। उन्होंने इतना जरूर कहा कि कंपनी कर्मचारियों और सहयोगियों को अपनी हिस्सेदारी से पैसा निकालने का अवसर देने के लिए एक योजना पर काम कर रही है।
कमाई में 18% की बढ़ोतरी, लेकिन हजारों करोड़ का घाटा
फ्लिपकार्ट के IPO की संभावनाओं के लिहाज से कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन काफी अहम माना जा रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के ग्रुप रेवेन्यू में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह बढ़कर 1,45,880 करोड़ रुपये हो गया।
हालांकि, कंपनी अभी भी घाटे से बाहर नहीं निकल पाई है। FY26 में फ्लिपकार्ट का कुल घाटा 8,468 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 8,646 करोड़ रुपये था। यानी घाटे में मामूली कमी जरूर आई है, लेकिन कंपनी के सामने मुनाफे तक पहुंचने की चुनौती बनी हुई है।
Amazon और क्विक-कॉमर्स कंपनियों से मिल रही कड़ी टक्कर
भारतीय ई-कॉमर्स बाजार में फ्लिपकार्ट को लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग के क्षेत्र में अमेजन के अलावा ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट जैसी क्विक-कॉमर्स कंपनियां भी तेजी से अपना कारोबार बढ़ा रही हैं।इन कंपनियों से मुकाबला करने के लिए फ्लिपकार्ट को टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और डिलीवरी नेटवर्क पर लगातार निवेश करना पड़ रहा है।
ऐसे में कल्याण कृष्णमूर्ति का इस्तीफा और IPO को लेकर वॉलमार्ट की बदली रणनीति कंपनी के लिए अहम घटनाक्रम हैं। अब यह देखना होगा कि नए नेतृत्व के तहत फ्लिपकार्ट किस दिशा में आगे बढ़ती है और शेयर बाजार में लिस्टिंग के लिए कितना इंतजार करना पड़ता है।

