EPFO WhatsApp Service: अब घर बैठे चेक करें PF बैलेंस और पासबुक, जानें पूरा तरीका
नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) से जुड़ी जानकारी हासिल करना अब आसान हो सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए PF खाते की जानकारी देने की सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से कर्मचारी अपने मोबाइल फोन से ही खाते में जमा रकम, पासबुक और हाल ही में हुए ट्रांजैक्शन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए कर्मचारियों को अलग से कोई मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। WhatsApp के जरिए ही कई PF खातों की जानकारी देखी जा सकेगी। इससे कर्मचारियों को बार-बार EPFO की वेबसाइट पर लॉगिन करने की परेशानी से राहत मिल सकती है।
WhatsApp पर ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस
EPFO की WhatsApp सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले संगठन के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर ‘Hi’ लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए विकल्पों में से अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी।
PF बैलेंस देखने के लिए ‘Check Balance’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। OTP दर्ज करके पहचान की पुष्टि करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारी अपने PF खाते की जानकारी देख सकेंगे।
एक से ज्यादा PF खातों की भी मिलेगी जानकारी
अगर किसी कर्मचारी के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से एक से अधिक PF खाते जुड़े हुए हैं, तो WhatsApp पर उन खातों की सूची दिखाई दे सकती है। कर्मचारी अपनी जरूरत के मुताबिक संबंधित खाते का चयन कर सकते हैं।
इसके बाद खाते में जमा कुल रकम की जानकारी मिलेगी। इसमें कर्मचारी और नियोक्ता यानी कंपनी की ओर से जमा किए गए योगदान का अलग-अलग विवरण भी देखा जा सकेगा। इसके अलावा पेंशन खाते में जमा राशि की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
पिछले 5 ट्रांजैक्शन और पासबुक की सुविधा
इस सर्विस के जरिए कर्मचारी अपने PF खाते में हुए पिछले पांच लेन-देन की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा PF पासबुक डाउनलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। इससे कर्मचारी यह पता लगा सकेंगे कि उनके खाते में कब और कितनी रकम जमा हुई है।
EPFO की इस सुविधा में कई भाषाओं का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले कर्मचारियों को जानकारी समझने में आसानी होगी।
इन सेवाओं की जानकारी भी WhatsApp पर मिलेगी
PF बैलेंस और पासबुक के अलावा EPFO WhatsApp के जरिए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, आधार फेस ऑथेंटिकेशन और बैंक खाते को PF अकाउंट से जोड़ने जैसी सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है।
वहीं, WhatsApp के जरिए PF निकालने की सुविधा शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। हालांकि, यह सुविधा अभी कर्मचारियों के लिए शुरू नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल सदस्य WhatsApp के माध्यम से PF बैलेंस, योगदान और ट्रांजैक्शन जैसी जानकारियां हासिल कर सकते हैं।

