SAP में 10 हजार नौकरियों पर संकट! AI के चलते होगी बड़ी छंटनी, जनवरी 2027 में हो सकता है ऐलान
दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। कंपनियां अपने कामकाज को बेहतर और तेज बनाने के लिए AI तकनीक अपना रही हैं। हालांकि, इसका असर अब कर्मचारियों की नौकरियों पर भी दिखाई देने लगा है। जर्मनी की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी SAP में करीब 10 हजार पदों पर छंटनी का खतरा मंडरा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने कारोबार को AI आधारित बनाने के लिए बड़े स्तर पर बदलाव करने की तैयारी में है। इसके तहत दुनियाभर में काम करने वाले कर्मचारियों में से करीब 9 प्रतिशत की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक छंटनी को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।आइए जानते हैं कि SAP में किन विभागों पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है, छंटनी की वजह क्या है और इसका ऐलान कब हो सकता है।
किन विभागों में सबसे ज्यादा नौकरियां प्रभावित होंगी?
रिपोर्ट के मुताबिक, SAP ने अपने सभी विभागों से ऐसे पदों और कामकाज की पहचान करने को कहा है, जहां कर्मचारियों की संख्या कम की जा सकती है। कंपनी की खास नजर प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग और सेल्स विभाग पर है।हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किन देशों, टीमों या पदों पर सबसे ज्यादा छंटनी होगी। कंपनी की ओर से प्रभावित होने वाले कर्मचारियों की सूची भी जारी नहीं की गई है।
AI के लिए खुद को बदल रही है कंपनी
SAP के CEO क्रिश्चियन क्लेन कंपनी को 'AI फर्स्ट बिजनेस' बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसका मतलब है कि कंपनी अपने सॉफ्टवेयर और सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है।इसके लिए SAP अपने प्रोडक्ट तैयार करने, उन्हें विकसित करने और ग्राहकों तक पहुंचाने के तरीकों में बदलाव कर रही है। कंपनी चाहती है कि उसके सॉफ्टवेयर में AI टूल्स को ज्यादा गहराई से शामिल किया जाए, ताकि ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकें।इसी रणनीति के तहत कंपनी ने इस साल अपने एग्जीक्यूटिव बोर्ड का दो बार पुनर्गठन किया है। रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड के छह सदस्यों में से दो मार्च 2027 में कंपनी छोड़ने वाले हैं।
2024 में भी 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की थी
SAP इससे पहले भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी है। साल 2024 में कंपनी ने करीब 10 हजार कर्मचारियों को प्रभावित करने वाली पुनर्गठन योजना शुरू की थी।उस समय इस प्रक्रिया पर कंपनी को लगभग 3 अरब यूरो यानी करीब 3.3 अरब डॉलर खर्च करने पड़े थे। इस योजना को पूरा होने में एक साल से ज्यादा का समय लगा था।
तब कंपनी ने कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने और नई स्किल सीखने यानी री-स्किलिंग के विकल्प दिए थे। इसके साथ ही कंपनी ने नई भर्तियां भी की थीं। इस वजह से बड़े स्तर पर कर्मचारियों के प्रभावित होने के बावजूद कंपनी की कुल कर्मचारी संख्या में ज्यादा बदलाव नहीं आया था।हालांकि, इस बार SAP इसी तरह का तरीका अपनाएगी या सीधे नौकरियों में कटौती करेगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जर्मनी के कर्मचारियों को मिल सकती है राहत?
SAP में सबसे ज्यादा कर्मचारी जर्मनी में काम करते हैं। यहां कंपनी के कर्मचारियों के लिए लेबर काउंसिल के साथ 2028 तक रोजगार सुरक्षा से जुड़ा समझौता किया गया है।ऐसे में यह देखना अहम होगा कि प्रस्तावित छंटनी का जर्मनी में काम करने वाले कर्मचारियों पर कितना असर पड़ता है। फिलहाल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अलग-अलग देशों में कितने पद प्रभावित हो सकते हैं।
जनवरी 2027 में हो सकता है छंटनी का ऐलान
फिलहाल SAP ने करीब 10 हजार पद खत्म करने की खबर पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी आमतौर पर जनवरी के आखिर में अपने सालाना वित्तीय नतीजों के साथ बड़े कारोबारी फैसलों की जानकारी देती है।ऐसे में माना जा रहा है कि इस संभावित छंटनी को लेकर अगला बड़ा अपडेट जनवरी 2027 में सामने आ सकता है। हालांकि, कंपनी की आधिकारिक पुष्टि होने तक छंटनी की संख्या और प्रभावित होने वाले विभागों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

