Bank Strike Update: आज खुलेंगे बैंक या रहेगा अवकाश? तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, जानें पूरा अपडेट
तीन दिन की प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार, 27 सितंबर की देर रात हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया। इस फैसले के बाद बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
हड़ताल टालने का फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में बैंक कर्मचारियों की सभी शनिवार को छुट्टी करने की मांग के साथ-साथ अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
आज बैंक खुले हैं या बंद?
तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित होने के बाद आज बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकारी और निजी बैंकों में नियमित बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी। अगर UFBU की हड़ताल जारी रहती, तो बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो सकता था। हालांकि, IBA और UFBU के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल को तत्काल प्रभाव से टाल दिया गया।
शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाई-लेवल कमेटी
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, UFBU ने बताया कि हड़ताल स्थगित करने का फैसला IBA की ओर से मिले आश्वासन के बाद लिया गया है। सभी शनिवार को बैंक कर्मचारियों के लिए छुट्टी की मांग पर चर्चा के लिए IBA और UFBU की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी।
यह कमेटी इस मुद्दे पर संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों के साथ ऐसा समाधान तलाशेगी, जिसमें बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों के हितों को भी ध्यान में रखा जाए।
PLI स्कीम पर भी होगी बातचीत
बैठक में बैंक यूनियनों ने स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive (PLI) स्कीम का मुद्दा भी उठाया। UFBU के मुताबिक, अब IBA के साथ इस योजना में बदलाव को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है।
यूनियनों का कहना है कि सरकार के पास कोई प्रस्ताव भेजने से पहले PLI स्कीम में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए, ताकि उनकी चिंताओं का समाधान हो सके।
अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा
UFBU ने कहा कि 8 मार्च 2024 को हुई बातचीत के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा जारी रहेगी। आने वाली बैठकों में इन मामलों को जल्द सुलझाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस तरह फिलहाल बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है और प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित हो गई है।

