दुनिया में बजा Amul कंपनी का डंका, बना सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड; ब्रांड वैल्यू 22% बढ़ी
भारत की मशहूर डेयरी कंपनी अमूल ने ग्लोबल स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमूल अब सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के डेयरी सेक्टर में भी अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। ब्रांड वैल्यूएशन कंपनी Brand Finance की Food & Drinks 2026 रिपोर्ट में अमूल को दुनिया का सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड बताया गया है।रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के पांच प्रमुख फूड और डेयरी ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू करीब 9.9 अरब डॉलर पहुंच गई है।
22% बढ़ी अमूल की ब्रांड वैल्यू
अमूल की ब्रांड वैल्यू में इस साल 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इसकी ब्रांड वैल्यू करीब 5 अरब डॉलर हो गई है।
ग्लोबल रैंकिंग में अमूल को डेयरी ब्रांड्स में चौथा स्थान मिला है, जबकि दुनिया के 100 प्रमुख फूड ब्रांड्स की सूची में यह 13वें नंबर पर है।
अमूल को दुनिया का सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड बनाने में उसके 93/100 के Brand Strength Index (BSI) स्कोर की अहम भूमिका रही। कंपनी को AAA+ रेटिंग भी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अमूल ने इस साल करीब 100 नए प्रोडक्ट्स भी लॉन्च किए हैं।
मदर डेयरी और ब्रिटानिया भी ग्लोबल लिस्ट में
अमूल के अलावा कई अन्य भारतीय ब्रांड्स ने भी ग्लोबल फूड एंड ड्रिंक्स रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है।
- मदर डेयरी: ब्रांड वैल्यू 22% बढ़कर करीब 1.4 अरब डॉलर हो गई। ग्लोबल रैंकिंग में इसे 60वां स्थान मिला।
- ब्रिटानिया: इसकी ब्रांड वैल्यू 17% बढ़कर करीब 1.3 अरब डॉलर पहुंच गई और यह 63वें स्थान पर रही।
- नंदिनी: ब्रांड वैल्यू में 4% की बढ़ोतरी के साथ यह करीब 1.1 अरब डॉलर पहुंच गई। नंदिनी भी दुनिया के टॉप 100 ब्रांड्स में शामिल है।
ग्लोबल फूड और ड्रिंक्स इंडस्ट्री कितनी बड़ी?
Brand Finance की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में दुनिया के फूड और ड्रिंक्स सेक्टर की कुल ब्रांड वैल्यू करीब 448.7 अरब डॉलर रही।
ग्लोबल स्तर पर Nestlé दुनिया का सबसे मूल्यवान फूड ब्रांड बना हुआ है, जबकि Coca-Cola भी शीर्ष ब्रांड्स में शामिल है। वहीं डेयरी ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू के मामले में Yili सबसे आगे है।
हालांकि, ब्रांड स्ट्रेंथ के मामले में अमूल ने Yili समेत दुनिया के अन्य प्रमुख डेयरी ब्रांड्स को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि भारतीय डेयरी सेक्टर के लिए भी बड़ी सफलता मानी जा रही है।

