Samachar Nama
×

Xiaomi SUV: कार में मिलेगा 1-BHK फ्लैट जैसा मजा, बटन दबाते ही खुलेगी छत और बन जाएगा बेडरूम

Xiaomi SUV: कार में मिलेगा 1-BHK फ्लैट जैसा मजा, बटन दबाते ही खुलेगी छत और बन जाएगा बेडरूम

बड़ी SUV को अक्सर उसके शानदार स्पेस की वजह से चलता-फिरता घर कहा जाता है, लेकिन चीन की टेक कंपनी Xiaomi ने इस कल्पना को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। कंपनी ने Xiaomi Skynomad N90 Max Studio Edition पेश की है, जिसका केबिन किसी छोटे 1-BHK फ्लैट जैसा अनुभव देता है। इसमें सोने के लिए दो स्तर, इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग रूफ और कई लग्जरी सुविधाएं दी गई हैं।

बटन दबाते ही छत पर बनेगा बेडरूम

इस SUV की सबसे खास बात इसका दो मंजिला केबिन और फैक्ट्री-फिटेड इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग रूफ है। एक बटन दबाते ही कार की छत ऊपर उठ जाती है और ऊपर लॉफ्ट स्टाइल बेडरूम तैयार हो जाता है। इसमें बेड बोर्ड और 30 मिमी मोटा मैट्रेस दिया गया है, जो 200 किलोग्राम तक वजन संभाल सकता है।

छत खुलने के बाद कार के पिछले हिस्से में 6 फीट लंबा व्यक्ति भी आसानी से सीधा खड़ा हो सकता है। वहीं, नीचे की सीटों को महज 30 सेकंड में 1.87×1.24 मीटर के डबल बेड में बदला जा सकता है। सर्दियों में आराम के लिए इसमें 38 डिग्री सेल्सियस तक गर्म होने वाला हीटिंग फ्लोर भी मिलता है।

30 इंच की स्क्रीन और प्रीमियम एंटरटेनमेंट

कार के अंदर मनोरंजन के लिए 30 इंच की इंटीग्रेटेड प्रोजेक्टर स्क्रीन दी गई है। यह स्क्रीन जरूरत पड़ने पर प्राइवेसी पार्टीशन का काम भी करती है। इसके अलावा खिड़कियों पर ब्लैकआउट पर्दे, ऊपर बने बेडरूम के लिए अलग AC वेंट्स और 18W फास्ट चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं।

केबिन में फ्लोटिंग बेडसाइड टेबल, 20 लीटर का स्टोरेज कैबिनेट और वार्म रिंग लाइट वाला 11.5 इंच का वैनिटी मिरर भी मिलता है। लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चलाने के लिए 220V और 15V के पावर सॉकेट्स दिए गए हैं।

1,700 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज

पावरट्रेन की बात करें तो SUV में 76 kWh की बैटरी और डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। इसके साथ 1.5 लीटर का टर्बो पेट्रोल रेंज एक्सटेंडर इंजन मिलता है।

कंपनी के बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, यह SUV केवल बैटरी पर 460 किलोमीटर तक चल सकती है। पेट्रोल जनरेटर की मदद से इसकी कुल रेंज 1,700 किलोमीटर से ज्यादा बताई गई है। यह महज 5.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

16.1 इंच की टचस्क्रीन और एडवांस टेक्नोलॉजी

टेक्नोलॉजी के मामले में भी इस SUV में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इसके डैशबोर्ड पर 16.1 इंच की 3K टचस्क्रीन, ड्राइवर के लिए डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 20 इंच का हेड्स-अप डिस्प्ले मिलता है। पीछे बैठने वाले यात्रियों के मनोरंजन के लिए 21.4 इंच की स्क्रीन भी दी गई है।

इसका पूरा केबिन Xiaomi के HyperOS सिस्टम पर काम करता है, जिससे स्मार्ट होम डिवाइसेज के साथ कनेक्टिविटी और बेहतर डिजिटल अनुभव मिलता है।

12 एयरबैग और 25 ADAS फीचर्स

सुरक्षा के लिए SUV में कुल 12 एयरबैग दिए गए हैं। इसके अलावा 11 हाई-डेफिनिशन कैमरे, 12 अल्ट्रासोनिक रडार और एडवांस LiDAR सेंसर मिलता है। इसमें 25 तरह के ADAS सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं, जो ड्राइविंग को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में मदद करते हैं।

करीब 45 लाख रुपये है कीमत

कीमत की बात करें तो चीन के बाजार में इस SUV की कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। अपने अनोखे दो मंजिला केबिन, बेडरूम और लंबी ड्राइविंग रेंज के कारण यह SUV कैंपिंग और रोड ट्रिप पसंद करने वालों के लिए खास विकल्प बन सकती है।

Share this story

Tags