Samachar Nama
×

WhatsApp में आया मैसेज शेड्यूल करने का फीचर, वीडियो में जाने अब फोन बंद होने पर भी तय समय पर जाएगा मैसेज

WhatsApp में आया मैसेज शेड्यूल करने का फीचर, वीडियो में जाने अब फोन बंद होने पर भी तय समय पर जाएगा मैसेज

वॉट्सएप यूजर्स के लिए एक नया फीचर रोलआउट किया जा रहा है। अब यूजर्स किसी भी मैसेज को पहले से लिखकर उसके भेजे जाने का दिन और समय तय कर सकेंगे। यानी अगर आप किसी को जन्मदिन की शुभकामना देना चाहते हैं या किसी जरूरी काम के लिए मैसेज भेजना भूल जाते हैं, तो उसे पहले से शेड्यूल कर सकते हैं। तय समय होते ही वॉट्सएप अपने आप मैसेज डिलीवर कर देगा।इस फीचर की खास बात यह है कि यह सिर्फ टेक्स्ट मैसेज तक सीमित नहीं रहेगा। यूजर्स फोटो और वीडियो भी शेड्यूल कर सकेंगे। यह सुविधा प्राइवेट चैट और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगी। फिलहाल कंपनी ने इसे चुनिंदा यूजर्स के लिए रोलआउट किया है।

10 मिनट से लेकर 14 दिन तक कर सकेंगे शेड्यूल

नए फीचर की मदद से यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक आगे के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे। इसके लिए मैसेज लिखने के बाद उसकी डिलीवरी का समय और तारीख तय करनी होगी। इसके बाद मैसेज निर्धारित समय पर अपने आप भेज दिया जाएगा।उदाहरण के तौर पर, अगर आपके किसी दोस्त का जन्मदिन है और आप रात 12 बजे उसे शुभकामनाएं देना चाहते हैं, तो आप पहले से ही बर्थडे मैसेज तैयार करके शेड्यूल कर सकते हैं। इसी तरह ग्रुप चैट में किसी जरूरी जानकारी या वीडियो को बाद में भेजने के लिए भी इस सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

फोटो और वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल

वॉट्सएप का यह फीचर मल्टीमीडिया मैसेज के लिए भी काम करेगा। यूजर्स किसी प्राइवेट चैट में फोटो के साथ जन्मदिन की शुभकामनाएं शेड्यूल कर सकते हैं। वहीं, ग्रुप चैट में वीडियो या दूसरी मीडिया फाइल को तय समय पर भेजने के लिए सेट कर सकते हैं।मैसेज डिलीवर होने के बाद सामने वाले व्यक्ति को यह बिल्कुल सामान्य वॉट्सएप मैसेज की तरह दिखाई देगा। उसे मैसेज मिलने पर किसी अलग तरह का नोटिफिकेशन या विशेष निशान नहीं दिखेगा।

फोन बंद होने पर भी डिलीवर होगा मैसेज

इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि शेड्यूल मैसेज भेजने के लिए फोन का चालू रहना जरूरी नहीं होगा। अगर आपका फोन स्विच ऑफ है या उसकी बैटरी खत्म हो गई है, तब भी तय समय पर मैसेज डिलीवर हो जाएगा।उदाहरण के लिए, आपने सुबह 8 बजे किसी को मैसेज भेजने के लिए शेड्यूल किया है और रात में आपके फोन की बैटरी खत्म हो जाती है, तो भी मैसेज की डिलीवरी प्रभावित नहीं होगी।

एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा भी रहेगी

कंपनी के मुताबिक, शेड्यूल किए गए मैसेज भी वॉट्सएप के अन्य निजी मैसेज की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे। इसका मतलब है कि मैसेज भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति उसका कंटेंट नहीं पढ़ सकेगा। कंपनी का कहना है कि वह भी शेड्यूल किए गए मैसेज की सामग्री नहीं पढ़ सकती।फिलहाल यह फीचर चुनिंदा यूजर्स को दिया गया है। आने वाले समय में इसके अन्य यूजर्स तक पहुंचने की उम्मीद है। इस सुविधा के आने से जन्मदिन की शुभकामनाएं, जरूरी रिमाइंडर और पहले से तय संदेश भेजना आसान हो जाएगा।

Share this story

Tags