VinFast Electric Scooters: भारत में 2027 में लॉन्च होंगे 3 नए इलेक्ट्रिक स्कूटर, 165KM तक मिलेगी रेंज; जानें कीमत और फीचर्स
भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। इसी बीच वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट (VinFast) भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने पुष्टि की है कि वह 2027 में भारत में तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी। ये स्कूटर कंपनी के वियतनाम में लोकप्रिय मॉडल Evo, Kyo और Kinet पर आधारित होंगे।
खास बात यह है कि कंपनी इन स्कूटर्स को सीधे विदेश से आयात करने के बजाय भारतीय बाजार की जरूरतों के हिसाब से तैयार करेगी। इनका निर्माण भारत में ही स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। कंपनी के इस कदम से भारतीय ग्राहकों को इलेक्ट्रिक स्कूटर के नए विकल्प मिल सकते हैं।
VinFast Evo: किफायती मॉडल में मिलेगी 165KM की रेंज
विनफास्ट Evo को कंपनी के तीनों स्कूटर्स में सबसे किफायती और रोजाना इस्तेमाल के लिए उपयोगी मॉडल माना जा रहा है। इसमें 1.5 kWh की बिल्ट-इन बैटरी दी गई है। इसके अलावा 1.5 kWh की अतिरिक्त रिमूवेबल बैटरी लगाने का विकल्प भी मिलता है।
इस स्कूटर में 2.45 kW की पीक पावर वाली हब-माउंटेड मोटर दी गई है। इसकी टॉप स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। कंपनी के दावे के मुताबिक, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 165 किलोमीटर तक चल सकता है। वियतनाम में इसकी कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से करीब 68,350 रुपये है।
VinFast Kyo: बड़े पहियों के साथ बेहतर संतुलन
लाइनअप का दूसरा मॉडल VinFast Kyo होगा। इसे Evo के मुकाबले ज्यादा पावरफुल बनाया गया है। इसमें 3 kW की पीक पावर वाली हब मोटर मिलती है और कंपनी के अनुसार यह एक बार चार्ज करने पर 160 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है।
इस स्कूटर की एक खासियत इसके बड़े पहिये हैं। इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ 14 इंच के पहिये दिए गए हैं, जो खराब सड़कों पर बेहतर संतुलन और स्थिरता देने में मदद कर सकते हैं। इसकी दोनों बैटरियों को 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 4 घंटे 30 मिनट लगते हैं। वियतनाम में इसकी कीमत करीब 1.09 लाख रुपये के बराबर है।
VinFast Kinet: स्पोर्टी लुक और 90KM की टॉप स्पीड
अगर आपको तेज रफ्तार और स्पोर्टी परफॉर्मेंस पसंद है तो VinFast Kinet कंपनी के लाइनअप का खास मॉडल हो सकता है। इसमें 5.2 kW की दमदार मोटर दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर महज 6 सेकंड में 0 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है।
इसकी टॉप स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि एक बार फुल चार्ज होने पर यह 145 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज देता है। वियतनाम में इसकी कीमत भारतीय मुद्रा के हिसाब से लगभग 1.45 लाख रुपये है।
भारत में कितनी हो सकती है कीमत?
विनफास्ट के इन तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की भारतीय कीमतों का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। वियतनाम में इनकी कीमत के आधार पर भारतीय बाजार में संभावित कीमत का अंदाजा लगाया जा सकता है, लेकिन स्थानीय निर्माण, टैक्स, बैटरी और फीचर्स के अनुसार कीमतों में बदलाव संभव है।
कंपनी इन्हें भारतीय जरूरतों के मुताबिक तैयार करेगी। ऐसे में 2027 में लॉन्च होने के बाद इनकी वास्तविक कीमत, रेंज और फीचर्स की पूरी जानकारी सामने आएगी।

