Samachar Nama
×

Uber का नया फीचर लॉन्च, मेट्रो के साथ ऑटो और बाइक की भी होगी बुकिंग, एक ही ऐप पर मिलेगा पूरा सफर

Uber का नया फीचर लॉन्च, मेट्रो के साथ ऑटो और बाइक की भी होगी बुकिंग, एक ही ऐप पर मिलेगा पूरा सफर

दिल्ली-NCR में सफर करने वाले लोगों के लिए Uber ने नया 'Connected Journeys' फीचर लॉन्च किया है। इसकी मदद से यात्री अब मेट्रो, ऑटो और बाइक की सवारी एक ही बार में बुक कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए यात्रियों को घर से मेट्रो स्टेशन और स्टेशन से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अलग-अलग बुकिंग नहीं करनी पड़ेगी।

Uber ऐप पर यूजर्स को पूरे सफर का रूट, अनुमानित समय और कुल किराया एक साथ दिखाई देगा। कंपनी ने 23 नवंबर को 'One Less Car' एक्सपेरिमेंट के नतीजे जारी करते हुए इस सर्विस की जानकारी दी।

Uber के One Less Car एक्सपेरिमेंट के नतीजे

Uber ने द क्वांटम हब (TQH) और यंग लीडर्स फॉर एक्टिव सिटिजन (YLAC) के साथ मिलकर चार सप्ताह तक यह प्रयोग किया। इसमें दिल्ली-NCR के 34 ऐसे लोगों ने हिस्सा लिया, जो रोजाना अपनी कार या बाइक से सफर करते थे।

प्रयोग के दौरान सभी प्रतिभागियों ने एक महीने तक अपनी निजी गाड़ियों का इस्तेमाल बंद रखा और मेट्रो, कैब, ऑटो, बाइक तथा पैदल चलने जैसे विकल्प अपनाए।

एक्सपेरिमेंट के बाद सामने आया कि 59% लोगों ने डिस्काउंट खत्म होने के बाद भी अपनी निजी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं किया। वहीं, केवल निजी वाहन पर निर्भर रहने वाले लोगों की संख्या में 83% की कमी आई।

इसके अलावा 94% प्रतिभागियों ने वैकल्पिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल जारी रखा। 68% लोगों ने माना कि निजी गाड़ी के बिना सफर करना अब उनके लिए पहले से आसान हो गया है।

मेट्रो और ऑटो का इस्तेमाल बढ़ा

एक्सपेरिमेंट के दौरान मेट्रो से सफर करने वाले लोगों की संख्या 9 से बढ़कर 18 हो गई। Uber कैब का इस्तेमाल करने वाले 15 से बढ़कर 28, पैदल चलने वाले 11 से बढ़कर 27 और ऑटो का उपयोग करने वाले 15 से बढ़कर 22 हो गए।

हालांकि, इस दौरान यात्रियों को कुछ परेशानियां भी हुईं। 22 लोगों ने मेट्रो स्टेशन से घर या ऑफिस तक पहुंचने में दिक्कत बताई। वहीं, 30 लोगों को लंबी वेटिंग, राइड कैंसिल होने और ऑटो चालकों के बुकिंग से इनकार करने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

कार्बन प्रदूषण में 30% की कमी

इस प्रयोग का पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर देखने को मिला। निजी गाड़ियों का इस्तेमाल बंद करने से प्रतिभागियों के कुल कार्बन उत्सर्जन में करीब 30% की कमी दर्ज की गई।

प्रति व्यक्ति रोजाना कार्बन उत्सर्जन 4.8 किलोग्राम से घटकर 3.3 किलोग्राम रह गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने मेट्रो और सरकारी बसों से कुल 4,517 किलोमीटर की यात्रा की।

Uber इंडिया और दक्षिण एशिया के डायरेक्टर आदित्य कपूर के मुताबिक, Connected Journeys फीचर का उद्देश्य मेट्रो और आखिरी दूरी के लिए ऑटो-बाइक जैसी सुविधाओं को एक साथ जोड़ना है, ताकि लोगों का रोजाना सफर आसान हो सके।

Share this story

Tags