धूप से चार्ज होगी देश की छोटी इलेक्ट्रिक कार, कीमत सिर्फ 3.25 लाख रुपये; 250Km तक की रेंज और 3 लोगों के बैठने की जगह
अगर आप कम बजट में छोटी इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पुणे की कंपनी Vayve Mobility की Eva आपके लिए एक दिलचस्प विकल्प हो सकती है। इस कार की सबसे खास बात यह है कि इसे सोलर रूफ पैनल की मदद से धूप से भी चार्ज किया जा सकता है। कंपनी ने इसे खास तौर पर शहरों में रोजाना आने-जाने और कम खर्च में सफर करने के लिए तैयार किया है।
Vayve Mobility ने पिछले साल भारतीय बाजार में अपनी इस छोटी इलेक्ट्रिक कार को पेश किया था। इसकी शुरुआती इंट्रोडक्टरी कीमत 3.25 लाख रुपये रखी गई थी। हालांकि, यह कीमत बैटरी सब्सक्रिप्शन प्लान के साथ है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, फिलहाल इसकी प्री-बुकिंग उपलब्ध नहीं है और दोबारा बुकिंग 2027 में शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी का कहना है कि तब तक इसके शोरूम भी चालू हो जाएंगे, जहां ग्राहक कार को देखकर और चलाकर अनुभव कर सकेंगे।
Vayve Eva की कीमत और तीन वेरिएंट
Vayve Eva को तीन बैटरी विकल्पों और वेरिएंट में पेश किया गया है। इनकी कीमत इस प्रकार है:
| वेरिएंट | बैटरी क्षमता | एक्स-शोरूम कीमत | BaaS के साथ कीमत |
|---|---|---|---|
| Nova | 9 kWh | 3.99 लाख रुपये | 3.25 लाख रुपये |
| Stella | 12.6 kWh | 4.99 लाख रुपये | 3.99 लाख रुपये |
| Vega | 18 kWh | 5.99 लाख रुपये | 4.49 लाख रुपये |
यहां BaaS का मतलब बैटरी-एज-ए-सर्विस है। इस प्लान में ग्राहक कार की शुरुआती कीमत कम देकर बैटरी के इस्तेमाल के लिए अलग से भुगतान करते हैं।
कंपनी के मुताबिक, Nova और Stella वेरिएंट में 20 हजार रुपये अतिरिक्त देकर सोलर रूफ पैनल लगवाया जा सकता है। वहीं, Vega वेरिएंट के लिए इसकी कीमत 25 हजार रुपये है।
BaaS प्लान के तहत बैटरी इस्तेमाल का शुल्क 2 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है। इसके साथ हर महीने की न्यूनतम रनिंग लिमिट भी तय की गई है। Nova के लिए यह 600 किलोमीटर, Stella के लिए 800 किलोमीटर और Vega के लिए 1,200 किलोमीटर है।
छोटी बॉडी और तीन लोगों के बैठने की व्यवस्था
Vayve Eva का डिजाइन दूसरी सामान्य कारों से काफी अलग है। इसकी लंबाई 3,060 mm, चौड़ाई 1,150 mm और ऊंचाई 1,590 mm है। इसका व्हीलबेस 2,200 mm का है।
कार में दो दरवाजे और 12 इंच के छोटे पहिए दिए गए हैं। इसे शहर की तंग सड़कों और ट्रैफिक में आसानी से चलाने के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
यह तीन लोगों के बैठने वाली कार है। इसमें ड्राइवर के लिए बीच में सीट दी गई है, जबकि पीछे दो यात्रियों के बैठने के लिए बेंच सीट मिलती है।
छोटे केबिन में मिलते हैं कई आधुनिक फीचर्स
आकार में छोटी होने के बावजूद कंपनी ने इसके केबिन में कई आधुनिक फीचर्स दिए हैं। इसमें डुअल-स्क्रीन सेटअप मिलता है, जिसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हैं।
इसके अलावा कार में Android Auto और Apple CarPlay, छह तरह से एडजस्ट होने वाली ड्राइवर सीट, क्लाइमेट कंट्रोल AC, रिवर्स पार्किंग कैमरा, हिल-होल्ड असिस्ट और डायग्नोस्टिक्स सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसमें OTA यानी ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट की सुविधा भी मिलती है।
ग्राहक इस कार को मूनस्टोन व्हाइट, लाइट प्लैटिनम, रोज कोरल, स्काई ब्लू, शैंपेन गोल्ड और चेरी रेड सहित छह रंगों में चुन सकते हैं।
एक बार चार्ज करने पर 250Km तक चलेगी कार
Vayve Eva की रेंज इसके बैटरी वेरिएंट पर निर्भर करती है। कंपनी के दावों के मुताबिक:
-
Nova (9 kWh): 125 किलोमीटर की रेंज
-
Stella (12.6 kWh): 175 किलोमीटर की रेंज
-
Vega (18 kWh): 250 किलोमीटर की रेंज
इसमें मिलने वाला सोलर रूफ पैनल भी इसकी खासियत है। कंपनी के मुताबिक, सोलर पैनल से रोजाना की रेंज में करीब 10 किलोमीटर तक का इजाफा हो सकता है। कंपनी का दावा है कि अच्छी धूप मिलने पर सोलर एनर्जी से सालभर में करीब 3,000 किलोमीटर तक का सफर तय किया जा सकता है।
कंपनी के अनुसार, कार को चलाने का खर्च करीब 50 पैसे प्रति किलोमीटर है। हालांकि, वास्तविक खर्च ड्राइविंग स्टाइल, चार्जिंग और इस्तेमाल की परिस्थितियों के अनुसार अलग हो सकता है।
5 सेकंड में 40Km की रफ्तार, टॉप स्पीड 70Km/h
परफॉर्मेंस के लिए इसमें 40Nm टॉर्क वाली रियर-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। कंपनी के अनुसार, यह कार करीब 5 सेकंड में 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा है।
बैटरी को कार के फर्श के नीचे लगाया गया है। इसे पानी और धूल से सुरक्षा के लिए IP67 रेटिंग दी गई है। सुरक्षा के लिए ड्राइवर एयरबैग और सभी यात्रियों के लिए सीटबेल्ट उपलब्ध हैं।
15 मिनट में 10 से 70% तक चार्ज होने का दावा
चार्जिंग के मामले में भी कंपनी ने इसमें दो विकल्प दिए हैं। DC फास्ट चार्जर की मदद से कार को 15 मिनट में 10 से 70 प्रतिशत तक चार्ज करने का दावा किया गया है। वहीं, घर के सामान्य 15A सॉकेट से इसे फुल चार्ज होने में लगभग 5 घंटे लग सकते हैं।
कब शुरू होगी बुकिंग?
अगर आप Vayve Eva खरीदना चाहते हैं, तो फिलहाल आपको इंतजार करना होगा। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी प्री-बुकिंग 2027 में दोबारा शुरू होगी। कंपनी तब तक शोरूम भी तैयार करने की योजना बना रही है, ताकि ग्राहक खरीदारी से पहले कार को खुद चलाकर देख सकें।
कम कीमत, छोटी बॉडी, तीन लोगों की सीटिंग और सोलर चार्जिंग जैसे फीचर्स इसे शहरी इस्तेमाल के लिए अलग विकल्प बनाते हैं। हालांकि, खरीदने से पहले बैटरी सब्सक्रिप्शन की शर्तें, वास्तविक ड्राइविंग रेंज, चार्जिंग सुविधा और उपलब्धता की जानकारी जरूर जांच लें।

