Samachar Nama
×

स्पेसएक्स के स्टारशिप-15 ने रचा इतिहास, वीडियो में जाने अंतरिक्ष से लौटकर लॉन्च टावर के रोबोटिक हाथों में हुआ कैच; 22 घंटे तक कक्षा में रहा

स्पेसएक्स के स्टारशिप-15 ने रचा इतिहास, वीडियो में जाने अंतरिक्ष से लौटकर लॉन्च टावर के रोबोटिक हाथों में हुआ कैच; 22 घंटे तक कक्षा में रहा

एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स के सबसे ताकतवर रॉकेट स्टारशिप-15 ने अंतरिक्ष मिशन में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह पहली बार है जब किसी स्टारशिप अंतरिक्षयान ने पृथ्वी की कक्षा में जाने के बाद वापस उसी लॉन्च टावर पर उतरकर रोबोटिक हाथों से पकड़े जाने की प्रक्रिया पूरी की। इस मिशन के दौरान रॉकेट ने 26 स्टारलिंक वी3 उपग्रह भी अंतरिक्ष में स्थापित किए।

22 घंटे तक पृथ्वी की कक्षा में रहा

स्टारशिप-15 को 14 नवंबर को अमेरिका के टेक्सास स्थित स्टारबेस से लॉन्च किया गया था। इसने पृथ्वी की कक्षा में पहुंचकर 26 स्टारलिंक वी3 उपग्रह तैनात किए और पृथ्वी के 14 चक्कर लगाए। रॉकेट करीब 22 घंटे तक पृथ्वी की कक्षा में रहा।15 नवंबर को वापसी के दौरान स्टारशिप का ऊपरी हिस्सा लॉन्च टावर के पास पहुंचा। यहां लगे दो विशाल रोबोटिक हाथों, जिन्हें चॉपस्टिक आर्म्स कहा जाता है, ने इसे हवा में ही पकड़ लिया। इस तरह रॉकेट ने लॉन्च से लेकर अंतरिक्ष की यात्रा और फिर उसी स्थान पर वापसी का पूरा चक्र पूरा किया।

वापसी की प्रक्रिया थी सबसे चुनौतीपूर्ण

इस मिशन का सबसे मुश्किल हिस्सा स्टारशिप का पृथ्वी पर वापस लौटना था। इससे पहले कंपनी सुपर हैवी बूस्टर को तीन बार रोबोटिक हाथों से पकड़ने में सफल रही थी। लेकिन अंतरिक्ष की कक्षीय गति से लौटते हुए स्टारशिप को वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करना, अत्यधिक तापमान और दबाव सहना, अपनी दिशा बदलना और फिर टावर के रोबोटिक हाथों के बीच पहुंचना था।इस सफल परीक्षण को पुन: उपयोग किए जा सकने वाले अंतरिक्ष यानों की तकनीक में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे भविष्य में अंतरिक्ष अभियानों की लागत और रॉकेट को दोबारा तैयार करने में लगने वाला समय कम करने में मदद मिल सकती है।

403 फीट ऊंचा है स्टारशिप

स्टारशिप के दो मुख्य हिस्से हैं। ऊपरी हिस्से को स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट और निचले हिस्से को सुपर हेवी बूस्टर कहा जाता है। दोनों को मिलाकर पूरे यान को स्टारशिप नाम दिया गया है। इसकी कुल ऊंचाई करीब 403 फीट है।यह स्टारशिप कार्यक्रम की 15वीं परीक्षण उड़ान थी। कंपनी का लक्ष्य इस तकनीक के जरिए भविष्य में चंद्रमा और मंगल ग्रह तक मानव और सामान पहुंचाने की क्षमता विकसित करना है।

Share this story

Tags