माइलेज की रानी और सुरक्षा में अव्वल: ₹5.28 लाख वाली Maruti की इस कार पर क्यों लट्टू हो रहे लोग?
भारत में नई कार खरीदने वालों के सामने आज कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन Maruti Suzuki की कुछ गाड़ियां लंबे समय से ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं। कंपनी की एक ऐसी ही गाड़ी ने अब बिक्री का बड़ा मुकाम हासिल किया है। Maruti Suzuki Eeco की अब तक 15 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं।
जनवरी 2010 में लॉन्च हुई Eeco ने महज फैमिली व्हीकल के तौर पर ही नहीं, बल्कि छोटे कारोबारियों, उद्यमियों और संस्थानों के बीच भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। ज्यादा स्पेस, उपयोगिता और अलग-अलग जरूरतों के मुताबिक इस्तेमाल किए जाने की क्षमता इसकी लोकप्रियता की बड़ी वजह रही है।
तेजी से बढ़ी Eeco की बिक्री
Eeco की बिक्री में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कंपनी को शुरुआती 5 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार करने में करीब 8 साल लगे थे।
इसके बाद अगली 5 लाख यूनिट्स की बिक्री 5 साल से भी कम समय में पूरी हो गई। वहीं हाल की 5 लाख यूनिट्स की बिक्री महज करीब साढ़े तीन साल में पूरी हुई है।
इससे साफ है कि Eeco की मांग समय के साथ लगातार बढ़ी है और हाल की 5 लाख यूनिट्स इसकी अब तक की सबसे तेज बिक्री उपलब्धि रही है।
15 लाख बिक्री के जश्न में Eeco Star Edition
15 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार करने के मौके पर Maruti Suzuki ने Eeco Star Edition भी पेश किया है। इसमें गाड़ी के एक्सटीरियर और इंटीरियर को बेहतर लुक देने के लिए कुल 18 एक्सक्लूसिव एक्सेसरीज दी गई हैं।
Star Edition में बॉडी-कलर्ड बंपर्स भी मिलते हैं, जिससे वैन का डिजाइन पहले के मुकाबले ज्यादा आधुनिक और आकर्षक नजर आता है। कंपनी ने इसके जरिए Eeco के केबिन एक्सपीरियंस और ओवरऑल लुक को बेहतर बनाने की कोशिश की है।
13 अलग-अलग वैरिएंट में उपलब्ध
Maruti Suzuki Eeco को ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से 13 वैरिएंट्स में पेश करती है। इसमें पैसेंजर और कमर्शियल, दोनों तरह के मॉडल शामिल हैं।
पैसेंजर वर्जन में 5-सीटर और 6-सीटर विकल्प मिलते हैं। इसके अलावा Eeco Tour V, Ambulance और Cargo जैसे वेरिएंट्स में भी उपलब्ध है।
यही वजह है कि इसका इस्तेमाल परिवार के साथ यात्रा करने से लेकर टूरिज्म, छोटे कारोबार और सामान ढोने जैसे कामों के लिए किया जाता है।
पेट्रोल और S-CNG दोनों का विकल्प
पावरट्रेन की बात करें तो Eeco को पेट्रोल और S-CNG दोनों विकल्पों के साथ खरीदा जा सकता है। इससे ग्राहक अपनी जरूरत और रनिंग कॉस्ट के हिसाब से विकल्प चुन सकते हैं।
इसमें कंपनी का 1.2-लीटर Advanced K-Series Dual Jet, Dual VVT पेट्रोल इंजन मिलता है। पेट्रोल मॉडल की क्लेम्ड फ्यूल एफिशिएंसी 19.71 km/l है, जबकि S-CNG वर्जन 26.78 km/kg की क्लेम्ड एफिशिएंसी देता है।
CNG मॉडल की डिमांड में बड़ा उछाल
Eeco के CNG मॉडल की लोकप्रियता पिछले कुछ वर्षों में काफी तेजी से बढ़ी है। Maruti Suzuki के मुताबिक, वित्त वर्ष 2019-20 में Eeco की कुल बिक्री में S-CNG वेरिएंट की हिस्सेदारी केवल 12 फीसदी थी।
वहीं FY 2025-26 में यह हिस्सेदारी बढ़कर 48 फीसदी हो गई। यानी करीब छह साल के दौरान Eeco की कुल बिक्री में CNG मॉडल की हिस्सेदारी लगभग चार गुना बढ़ गई।
CNG मॉडल की बढ़ती मांग से संकेत मिलता है कि ग्राहक कम रनिंग कॉस्ट वाले विकल्पों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं।
6 एयरबैग समेत कई सेफ्टी फीचर्स
Maruti Suzuki ने Eeco को समय के साथ कई अपडेट दिए हैं। मौजूदा 2026 मॉडल में सुरक्षा के लिहाज से 6 एयरबैग और Electronic Stability Program (ESP) स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं।
इसके अलावा इसमें ABS के साथ EBD, रिवर्स पार्किंग सेंसर, सभी सीटों के लिए 3-पॉइंट ELR सीटबेल्ट, सीटबेल्ट रिमाइंडर, स्पीड अलर्ट सिस्टम और साइड-इम्पैक्ट बीम जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
आराम और सुविधा के लिए भी कई फीचर्स
Eeco में अब केवल उपयोगिता ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी कई फीचर्स दिए गए हैं। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एयर कंडीशनिंग और HVAC कंट्रोल्स शामिल हैं।
इसके अलावा बैटरी-सेवर फंक्शन वाला डोम लैंप और रिक्लाइनिंग फ्रंट सीट्स भी मिलती हैं।
कितनी है कीमत?
Maruti Suzuki Eeco की एक्स-शोरूम कीमत 5.28 लाख रुपये से शुरू होती है। 15 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री और CNG मॉडल की बढ़ती हिस्सेदारी बताती है कि यह वैन आज भी भारतीय बाजार में परिवारों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों और कमर्शियल यूजर्स के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।

