Monsoon Car Tips: बारिश में पानी के बीच बंद हो जाए कार तो बिल्कुल न घबराएं, ये 7 स्मार्ट टिप्स बचाएंगे इंजन और हजारों रुपये
बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी भरना आम बात है, लेकिन ऐसी स्थिति में अचानक गाड़ी का रुकना बड़ी समस्या बन सकता है। घबराहट में लोग अक्सर ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिनसे इंजन और दूसरे पार्ट्स को गंभीर नुकसान हो सकता है। अगर पानी में फंसी आपकी कार बंद हो जाए, तो इन ज़रूरी बातों का ध्यान रखें।
**कार को बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश न करें**
अगर पानी में जाने के बाद कार बंद हो जाए, तो उसे दोबारा स्टार्ट करने की गलती न करें। ऐसा करने से एयर फिल्टर या एग्जॉस्ट के ज़रिए पानी इंजन में जा सकता है, जिससे इंजन सीज़ हो सकता है - इस स्थिति को "हाइड्रोलॉक" कहा जाता है। ऐसी स्थिति में इंजन की मरम्मत बहुत महंगी पड़ सकती है।
**इग्निशन तुरंत बंद करें**
कार बंद होते ही इग्निशन बंद कर दें और चाबी तुरंत निकाल लें। इससे कार के इलेक्ट्रिकल सिस्टम, सेंसर और दूसरे ज़रूरी पार्ट्स को शॉर्ट सर्किट से बचाने में मदद मिलती है। अगर पानी का स्तर तेज़ी से बढ़ रहा है, तो समय रहते खिड़कियां खोल लें ताकि ज़रूरत पड़ने पर गाड़ी से बाहर निकलना आसान हो।
**पानी का स्तर बढ़ने पर तुरंत बाहर निकलें**
अगर आपकी कार के आस-पास पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, तो अंदर रहने का जोखिम न उठाएं। जितनी जल्दी हो सके सुरक्षित जगह पर पहुंचने की कोशिश करें। कभी-कभी पानी के दबाव के कारण कार के दरवाज़े नहीं खुल पाते; ऐसे में खिड़की से बाहर निकलें और ऊंची, सुरक्षित जगह पर जाएं।
**कार को सुरक्षित जगह पर ले जाएं**
अगर पानी का बहाव तेज़ नहीं है और स्थिति सुरक्षित लगती है, तो आप कार को न्यूट्रल में डालकर धीरे-धीरे कम गहरे पानी में धकेल सकते हैं। इसके बाद, गाड़ी की जांच के लिए किसी भरोसेमंद मैकेनिक से संपर्क करें।
**टोइंग और इंश्योरेंस की मदद लें**
अगर कार को पानी से बाहर नहीं निकाला जा सकता है, तो उसे ज़बरदस्ती स्टार्ट करने या चलाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में मदद के लिए टो ट्रक बुलाएं। साथ ही, अपनी इंश्योरेंस कंपनी को घटना के बारे में सूचित करें। इसके बाद, मैकेनिक से कार की जांच करवाएं और प्रोफेशनल जांच के बिना इंजन स्टार्ट करने की कोशिश न करें। इंजन में पानी घुसने के संकेतों को पहचानें।
अगर डिपस्टिक निकालने पर इंजन ऑयल में पानी की बूंदें या सफ़ेद झाग दिखाई दे, तो यह संकेत हो सकता है कि इंजन में पानी चला गया है। ऐसे में, सबसे पहले किसी मैकेनिक से स्पार्क प्लग या इंजेक्टर की जांच करवाएं और पानी पूरी तरह निकल जाने के बाद ही कार दोबारा स्टार्ट करें। बारिश के मौसम में कुछ सावधानियां बरतकर आप अपनी कार को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं और मरम्मत के महंगे खर्च से भी बच सकते हैं।

