CNG Cars 2026: बढ़ती फ्यूल कॉस्ट के बीच इन कंपनियों का CNG पर फोकस, जल्द बाजार में आएंगी नई कारें
पेट्रोल की कीमतों और E20 फ्यूल को लेकर बनी चर्चाओं के बीच भारतीय ऑटो मार्केट में CNG कारों की मांग लगातार मजबूत हो रही है. कम रनिंग कॉस्ट की वजह से ग्राहक अब फैक्ट्री-फिटेड CNG वाली कारों को भी तेजी से पसंद कर रहे हैं. यही कारण है कि अब CNG सेगमेंट सिर्फ मारुति सुजुकी तक सीमित नहीं रह गया है.
रेनॉल्ट, किआ, टोयोटा, हुंडई और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियां भी अपने मौजूदा या आने वाले मॉडल्स में CNG विकल्प पर काम कर रही हैं. आने वाले समय में बाजार में CNG हैचबैक, सेडान, SUV और MPV के कई विकल्प देखने को मिल सकते हैं.
Renault Triber में मिल सकता है नया CNG सेटअप
रेनॉल्ट अपनी लोकप्रिय MPV Triber को बड़े अपडेट के साथ पेश करने की तैयारी में है. नई जनरेशन Triber को नए RGEP प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की उम्मीद है. इसमें 1.0-लीटर 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है.
इसका CNG वर्जन खास हो सकता है, क्योंकि कंपनी इसमें अंडरबॉडी CNG टैंक देने पर विचार कर रही है. इस सेटअप का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि CNG टैंक के लिए बूट स्पेस का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल नहीं होगा. ऐसे में यात्रियों को CNG कार के साथ सामान रखने के लिए ज्यादा जगह मिल सकती है.
Kia Carens और Carens Clavis भी CNG लाइनअप में
किआ भी अपने फैमिली कार सेगमेंट में CNG विकल्प बढ़ाने की तैयारी में है. कंपनी अपनी तीन-रो वाली Carens का CNG वर्जन पेश कर सकती है. इसमें 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ CNG सिस्टम दिया जा सकता है.
CNG टैंक को बूट में जगह मिलने की संभावना है. इसके अलावा कंपनी सस्पेंशन और ECU की कैलिब्रेशन में बदलाव कर सकती है, ताकि CNG पर कार की परफॉर्मेंस और ड्राइविंग अनुभव बेहतर बना रहे.
इसके साथ ही Carens Clavis को भी फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प मिल सकता है. इसमें करीब 60-लीटर क्षमता वाला CNG टैंक दिए जाने की उम्मीद है. शुरुआत में इसका CNG मॉडल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आ सकता है.
Toyota Glanza में भी मिलेंगे नए फीचर्स
टोयोटा अपनी प्रीमियम हैचबैक Glanza को भी अपडेट करने की तैयारी में है. नए मॉडल में डिजाइन के साथ-साथ फीचर्स और पावरट्रेन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
नई Glanza में 1.2-लीटर Z-Series पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा Level-2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स जोड़े जा सकते हैं. CNG वर्जन को मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ पेश किए जाने की संभावना है, जबकि बाद में AMT विकल्प भी आ सकता है.
Hyundai की नई SUV में भी CNG का विकल्प
हुंडई भी CNG सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी की नई BC4i SUV को 4 मीटर से ज्यादा लंबाई वाले मॉडल के तौर पर पेश किए जाने की उम्मीद है.
इस SUV में Creta से लिया गया 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है. CNG मॉडल में अंडरबॉडी टैंक मिलने की संभावना है. फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और ADAS जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं.
Tata Tigor CNG में मिल सकता है AMT
टाटा मोटर्स भी अपनी कॉम्पैक्ट सेडान Tigor को अपडेट करने की तैयारी में है. फेसलिफ्ट मॉडल में एक्सटीरियर डिजाइन में बदलाव किए जा सकते हैं. कार में नया फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप और पीछे कनेक्टेड LED लाइटिंग जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
नई Tigor में 1.2-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिए जाने की उम्मीद है. इसका CNG वर्जन खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण हो सकता है क्योंकि कंपनी इसमें मैनुअल के साथ AMT गियरबॉक्स का विकल्प भी दे सकती है.
Maruti Fronx CNG भी होगी अपडेट
CNG सेगमेंट में पहले से मजबूत पकड़ रखने वाली मारुति सुजुकी भी अपनी Fronx SUV को अपडेट करने पर काम कर रही है. कंपनी नए मॉडल की टेस्टिंग कर रही है और इसे आने वाले महीनों में बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है.
फेसलिफ्ट Fronx में मामूली कॉस्मेटिक बदलावों के अलावा नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिल सकता है. कार में Level-2 ADAS और सीट वेंटिलेशन जैसे नए फीचर्स जोड़े जाने की संभावना है. CNG विकल्प को भी नए मॉडल के साथ आगे जारी रखा जा सकता है.
CNG कारों का बढ़ रहा विकल्प
अगर ये मॉडल तय योजना के मुताबिक बाजार में आते हैं, तो ग्राहकों के पास आने वाले समय में CNG कारों के पहले से कहीं ज्यादा विकल्प होंगे. खास बात यह है कि कंपनियां अब केवल छोटी कारों में ही नहीं, बल्कि SUV और तीन-रो वाली MPV में भी CNG तकनीक पर जोर दे रही हैं. इससे CNG कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए सेगमेंट और विकल्प दोनों बढ़ सकते हैं.

