Verge TS Pro: 5 मिनट में फुल चार्ज होने वाली दुनिया की पहली सॉलिड-स्टेट इलेक्ट्रिक बाइक, जानें इसकी रेंज और कीमत
इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनियां लगातार नई तकनीक पर काम कर रही हैं। इसी कड़ी में फिनिश कंपनी Verge मोटरसाइकिल्स ने दुनिया की पहली सॉलिड-स्टेट बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Verge TS Pro का उत्पादन शुरू कर दिया है। इस बाइक को डोनट लैब के सहयोग से डिजाइन किया गया है। इसकी खास बात यह है कि यह बहुत कम समय में चार्ज हो जाती है और लंबी दूरी तय कर सकती है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
सॉलिड-स्टेट बैटरी क्या है और यह खास क्यों है?
अभी तक ज्यादातर इलेक्ट्रिक वाहनों में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है, जिसमें लिक्विड होता है। लेकिन Verge TS Pro में सॉलिड-स्टेट बैटरी है, जिसमें सॉलिड मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है। इस बैटरी के कई फायदे हैं. यह ज्यादा सुरक्षित है और आग लगने का खतरा भी बहुत कम है. इसके अलावा इसकी लाइफ भी लंबी है, यह बैटरी ज्यादा एनर्जी स्टोर कर सकती है और फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है।
चाय पीते समय लगेगा चार्ज
Verge TS Pro को दो वेरिएंट में पेश किया गया है। इसका स्टैंडर्ड वर्जन एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 350 किलोमीटर तक चल सकता है। वहीं, इसका लॉन्ग रेंज वर्जन 600 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। सबसे अहम चीज है इसकी चार्जिंग. यह बाइक इतनी तेजी से चार्ज होती है कि इसे महज 5 मिनट में 10 से 50 फीसदी और 9 मिनट में 70 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। इसका मतलब यह है कि जितनी देर में आप एक कप चाय पीते हैं, उतनी देर में यह बाइक काफी हद तक चार्ज हो जाती है।
सुपरबाइक पावर
यह बाइक न सिर्फ रेंज बल्कि पावर के मामले में भी काफी आगे है। इसमें डोनट 2.0 मोटर है, जो 137 एचपी की पावर और 1000 एनएम का जबरदस्त टॉर्क देता है। इससे यह बाइक हर तरह की सड़कों पर आसानी से चल सकती है। सुरक्षा के लिहाज से भी यह बाइक काफी भरोसेमंद है। इसकी बैटरी का कई तरह से परीक्षण किया गया है। यदि बैटरी का कोई भाग क्षतिग्रस्त हो जाए तो भी उसमें आग नहीं लगती और वह सुरक्षित रूप से कार्य करती रहती है।
कीमत और उपलब्धता
Verge TS Pro की अमेरिका में शुरुआती कीमत करीब 29,990 डॉलर है, जो भारतीय रुपये में करीब 27 लाख रुपये है। अगर आप इसका बड़ा बैटरी वर्जन लेना चाहते हैं तो आपको इसके लिए करीब 5,000 डॉलर अतिरिक्त चुकाने होंगे। इस बाइक को बुक करने के लिए सिर्फ 100 डॉलर की शुरुआती रकम चुकानी होगी, ताकि ग्राहक इसे आसानी से रिजर्व करा सकें।

