Audi A6 e-tron: एक चार्ज में 1,338 KM चली इलेक्ट्रिक कार, बनाया नया रेंज रिकॉर्ड
इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच ऑडी ने लंबी दूरी तय करने का नया रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक सेडान Audi A6 Sportback e-tron Performance ने एक बार बैटरी चार्ज करने के बाद 1,338 किलोमीटर की दूरी तय की. यह सफर पोलैंड की सड़कों पर पूरा किया गया, जहां कार को दोबारा चार्ज नहीं किया गया.
इस ड्राइव का उद्देश्य कार की अधिकतम वास्तविक रेंज क्षमता को दिखाना था. रिकॉर्ड के दौरान ड्राइविंग का फोकस तेज रफ्तार के बजाय कम ऊर्जा खपत और ज्यादा दूरी तय करने पर रखा गया.
45 घंटे से ज्यादा चला रिकॉर्ड सफर
इस अभियान को पोलैंड के रैली ड्राइवर मिको मार्सिक ने पूरा किया. सफर 11 सितंबर को रात करीब 1:55 बजे शुरू हुआ और 45 घंटे से ज्यादा समय तक कार चलती रही. इस दौरान कार क्रैकोव, वारसॉ, टोरुश और ग्रुडज़ियाडज़ जैसे शहरों से होकर गुजरी.
ड्राइव के दौरान सामान्य ट्रैफिक के साथ सुबह के समय भारी जाम का भी सामना करना पड़ा. इसके बावजूद कार ने बिना दोबारा चार्ज हुए 1,338 किलोमीटर की दूरी पूरी की.
कंपनी की बताई रेंज से 561 KM ज्यादा
Audi A6 Sportback e-tron Performance की आधिकारिक रेंज करीब 777 किलोमीटर बताई जाती है. रिकॉर्ड ड्राइव में कार इससे 561 किलोमीटर ज्यादा चली. इस दौरान मौसम में भी बदलाव देखने को मिला. सुबह तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दिन का औसत तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहा.
सिर्फ 7.09 kWh/100 KM रही ऊर्जा खपत
Audi के अनुसार, रिकॉर्ड ड्राइव के दौरान कार की ऊर्जा खपत सिर्फ 7.09 kWh प्रति 100 किलोमीटर रही. कार में 100 kWh की बैटरी दी गई है, जिसमें 94.9 kWh उपयोगी क्षमता है.
इतनी लंबी दूरी हासिल करने के लिए ड्राइवर ने लगातार और नियंत्रित गति बनाए रखी. ट्रैफिक को पहले से देखकर स्पीड को नियंत्रित किया गया और टायरों में सही एयर प्रेशर रखा गया. इसके अलावा रीजेनरेटिव ब्रेकिंग का भी ज्यादा इस्तेमाल किया गया, जिससे वाहन की गति कम होने पर कुछ ऊर्जा वापस बैटरी में पहुंचती है.
एयरोडायनामिक डिजाइन ने भी निभाई अहम भूमिका
इस रिकॉर्ड में कार के डिजाइन और एयरोडायनामिक्स का भी योगदान रहा. Audi A6 e-tron का ड्रैग कोएफिशिएंट 0.21 बताया गया है, जिससे हवा का प्रतिरोध कम करने में मदद मिलती है और ऊर्जा की बचत होती है.
हालांकि, 1,338 किलोमीटर की यह दूरी एक विशेष रिकॉर्ड ड्राइव के दौरान हासिल की गई है. रोजमर्रा की ड्राइविंग में एसी का इस्तेमाल, ज्यादा स्पीड, ट्रैफिक, तापमान, सड़क की स्थिति और वाहन में अतिरिक्त वजन जैसे कारक वास्तविक रेंज को प्रभावित कर सकते हैं.

