Bajaj Pulsar 150 को कंपनी ने किया बंद, 20 साल तक रही लोगों की फेवरेट, ये बाइक लेगी उसकी जगह
बाइक न्यूज़ डेस्क - बजाज ऑटो की बिक्री बढ़ाने में पल्सर 150 की अहम भूमिका रही है। यह कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली हिट बाइक रही है। हालांकि, 20 साल तक लोगों के दिलों पर राज करने वाली पल्सर 150 को अब कंपनी ने बंद कर दिया है। अब इस बाइक की जगह हाल ही में लॉन्च हुई Pulsar P150 (बजाज पल्सर P150) ने ले ली है। आपको बता दें कि कंपनी पल्सर 180 और पल्सर 220 जैसे लोकप्रिय मॉडलों को पहले ही बंद कर चुकी है। कंपनी ने अगस्त 2022 में पल्सर 180 का उत्पादन बंद कर दिया था, जबकि पल्सर 220 को पिछले साल ही बंद कर दिया गया था। Pulsar 180 और Pulsar 220 को Pulsar N 160 और Pulsar 250F से रिप्लेस किया गया है।

Pulsar P150 को कंपनी ने Pulsar 150 के बंद होने से पहले ही लॉन्च कर दिया था. Pulsar P150 के आने के बाद अंदाजा लगाया जा रहा था कि कंपनी पुरानी Pulsar 150 को बंद कर सकती है. देखा जाए तो Pulsar 150 को कंपनी ने काफी समय से अपग्रेड नहीं किया था. यह बाइक बाजार में मौजूद अन्य 150 सीसी बाइक्स की तुलना में पुरानी थी। इस बाइक में एलईडी हेडलाइट, फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और आधुनिक तकनीक का अभाव था। पल्सर पी150 की बात करें तो कंपनी ने इसे भारत में 1,16,755 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की कीमत पर लॉन्च किया है। इस बाइक को नेकेड वर्जन और स्पोर्टी डिजाइन में लाया गया है। पल्सर P150 में एयर-कूल्ड, 149cc सिंगल-सिलेंडर इंजन है जो 8,500rpm पर 14.5 bhp की पावर और 6,000rpm पर 13.5 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।

इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। यह इंजन 2-वाल्व आर्किटेक्चर पर आधारित है। बाइक के फ्यूल टैंक की क्षमता 14 लीटर है। खास बात यह है कि कंपनी इस बाइक में किक स्टार्ट भी दे रही है जो पल्सर 150 और पल्सर एन160 में नहीं है। Pulsar P150 को सिंगल डिस्क और डुअल डिस्क वेरियंट में उपलब्ध कराया गया है। सिंगल डिस्क ब्रेक वेरिएंट में स्प्लिट सीट और सिंगल-पीस हैंडल बार मिलता है, जबकि डुअल डिस्क ब्रेक वेरिएंट में स्प्लिट सीट के साथ क्लिप-ऑन हैंडल बार मिलता है। ब्रेकिंग को बेहतर बनाने के लिए बाइक में सिंगल चैनल ABS दिया गया है।

