Samachar Nama
×

त्रिरात्र तुलसी व्रत कब रखा जाएगा, इस व्रत में नारियल के पानी से श्रीहरि को देते हैं अर्घ्य

त्रिरात्र तुलसी व्रत कब रखा जाएगा, इस व्रत में नारियल के पानी से श्रीहरि को देते हैं अर्घ्य

कार्तिक महीने में तुलसी पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी महीने शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि से तीन दिनों तक त्रिरात्र तुलसी व्रत रखा जाता है। इस साल यह व्रत 18 नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर 2026 तक चलेगा। व्रत की शुरुआत आंवला नवमी से होगी और इसका समापन एकादशी के दिन होगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह व्रत भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित है। इसे श्रद्धा और नियमपूर्वक करने से पापों से मुक्ति और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

तीनों दिन अलग-अलग चीजों से दें अर्घ्य

त्रिरात्र तुलसी व्रत में भगवान विष्णु को तीनों दिन अलग-अलग वस्तुओं से अर्घ्य देने का विधान बताया गया है।

  • पहला दिन यानी 18 नवंबर, नवमी: इस दिन श्रीहरि को नारियल के पानी से अर्घ्य देना शुभ माना जाता है।

  • दूसरा दिन यानी 19 नवंबर, दशमी: इस दिन बिजोरिका से अर्घ्य अर्पित किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे धर्म, काम और अर्थ की सिद्धि होती है।

  • तीसरा दिन यानी 20 नवंबर, एकादशी: इस दिन भगवान विष्णु को अनार से अर्घ्य देने का विधान है। मान्यता है कि इससे दरिद्रता दूर होती है।

तुलसी के पास रखे जाते हैं सात अनाज और सात फल

व्रत के दौरान बांस के पात्र में सात प्रकार के अनाज और सात फल रखे जाते हैं। इसमें तुलसी दल, फूल और सुपारी डालकर पात्र को ढक दिया जाता है। तुलसी के पौधे के पास शालिग्राम स्थापित करके भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है।

व्रत में इन नियमों का करें पालन

त्रिरात्र तुलसी व्रत शुरू करने से पहले स्नान और दान करके व्रत का संकल्प लिया जाता है। तीनों दिन इंद्रियों पर नियंत्रण रखने और जमीन पर सोने का विधान बताया गया है। व्रती को हर रात तुलसी के पौधे के पास शयन करना चाहिए। पूजा के दौरान भगवान विष्णु को वस्त्र, जनेऊ और नैवेद्य अर्पित किया जाता है।

द्वादशी के दिन किया जाता है पूजन और दान

व्रत के समापन पर द्वादशी तिथि में विधि-विधान से कलश स्थापना की जाती है। कलश के ऊपर पात्र रखकर उसमें माता लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ पूजा की जाती है। धार्मिक परंपरा के अनुसार, तुलसी की वाटिका में जल अर्पित किया जाता है और ब्राह्मण को भोजन कराने के बाद कलश और प्रतिमा का दान किया जाता है।

Share this story

Tags