Shani Margi 2026: 27 दिन बाद शनि देव होंगे मार्गी, इन 5 राशियों के जीवन में आएंगे बड़े बदलाव, साढ़ेसाती वालों पर भी असर
ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को कर्मफलदाता और न्याय का देवता माना जाता है। शनि की चाल में होने वाला बदलाव सभी 12 राशियों के जीवन को प्रभावित करने वाला माना जाता है। साल 2026 खत्म होने से पहले शनि देव एक बार फिर अपनी चाल बदलने जा रहे हैं। 11 दिसंबर 2026 को शनि देव मीन राशि में वक्री अवस्था से निकलकर मार्गी हो जाएंगे। करीब 137 दिनों तक वक्री रहने के बाद शनि की सीधी चाल शुरू होगी। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, शनि के मार्गी होने से नौकरी, कारोबार, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खास बात यह है कि इस समय तीन राशियों पर शनि की साढ़ेसाती और दो राशियों पर ढैय्या चल रही है। ऐसे में इन पांच राशियों के जातकों के लिए शनि की चाल में बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कब मार्गी होंगे शनि देव?
पंचांग की गणना के अनुसार, शनि देव 27 जुलाई 2026 को मीन राशि में वक्री हुए थे। अब 11 दिसंबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे वे इसी राशि में मार्गी हो जाएंगे। इस तरह शनि लगभग 137 दिनों तक वक्री अवस्था में रहने के बाद सीधी चाल शुरू करेंगे।
ज्योतिष शास्त्र में शनि को मेहनत, अनुशासन, न्याय और कर्मों का फल देने वाला ग्रह माना जाता है। मान्यता है कि शनि की वक्री अवस्था में पुराने कामों और अधूरी जिम्मेदारियों से जुड़ी परेशानियां सामने आ सकती हैं। वहीं, मार्गी होने पर रुके हुए कामों में गति आने और मेहनत का परिणाम मिलने के योग बनते हैं। शनि 3 जून 2027 तक मीन राशि में रहेंगे।
इन 3 राशियों पर चल रही है साढ़ेसाती
फिलहाल मेष, कुंभ और मीन राशि के जातक शनि की साढ़ेसाती से प्रभावित हैं। ऐसे में 11 दिसंबर को शनि के मार्गी होने का इन राशियों पर विशेष प्रभाव पड़ने की ज्योतिषीय मान्यता है।
मेष राशि: मेष राशि वालों को नौकरी और आर्थिक मामलों में सावधानी बरतनी होगी। कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। पुराने अटके हुए काम पूरे करने का अवसर मिल सकता है। अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। कारोबार में सोच-समझकर निर्णय लें।
कुंभ राशि: कुंभ राशि के जातकों के लिए आर्थिक मामलों में सुधार के संकेत मिल सकते हैं। लंबे समय से अटका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है। नौकरी में मेहनत का फल मिलने में कुछ समय लग सकता है। पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर धैर्य बनाए रखना होगा।
मीन राशि: मीन राशि में ही शनि देव मार्गी होने जा रहे हैं। ऐसे में इस राशि के जातकों के लिए यह बदलाव खास माना जा रहा है। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कारोबार में धीरे-धीरे परिस्थितियां बेहतर हो सकती हैं। आर्थिक मामलों में कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें।
इन 2 राशियों पर शनि की ढैय्या का प्रभाव
मेष, कुंभ और मीन के अलावा सिंह और धनु राशि के जातक भी शनि की ढैय्या से प्रभावित हैं।
सिंह राशि: सिंह राशि वालों को कार्यक्षेत्र में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों के साथ बातचीत में संयम रखें। कारोबार में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जुटाएं। खर्चों पर नियंत्रण रखना आपके लिए जरूरी होगा।
धनु राशि: धनु राशि के जातकों को नौकरी और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाना होगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। पुराने संपर्क कारोबार में लाभ दिला सकते हैं। परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत में धैर्य बनाए रखें।
क्या शनि मार्गी होने से खत्म हो जाएगी साढ़ेसाती?
शनि के मार्गी होने को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इससे साढ़ेसाती और ढैय्या समाप्त हो जाएगी? ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इसका जवाब नहीं है। शनि की चाल बदलने से साढ़ेसाती या ढैय्या समाप्त नहीं होती। इनका निर्धारण शनि की राशि और चंद्र राशि के आधार पर किया जाता है।
शनि अभी मीन राशि में ही रहेंगे। ऐसे में मेष, कुंभ और मीन राशि पर साढ़ेसाती का प्रभाव जारी रहेगा। वहीं, सिंह और धनु राशि के जातकों पर भी ढैय्या बनी रहेगी।

