Sawan Purnima 2026: 28 अगस्त को मनाई जाएगी सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन, जानें भद्रा का समय और शुभ मुहूर्त
सावन महीने की पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। इसी दिन रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाता है। इस बार सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन को लेकर 27 और 28 अगस्त की तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति है। पंचांग के अनुसार इस वर्ष सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी।
27 अगस्त को रहेगी भद्रा
पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे समाप्त होगी। 27 अगस्त को पूर्णिमा शुरू होने के साथ ही भद्रा का प्रभाव भी रहेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार भद्रा काल में रक्षाबंधन का पर्व और राखी बांधने का शुभ कार्य नहीं किया जाता।भद्रा 27 अगस्त की रात तक रहने के बाद 28 अगस्त की सुबह सूर्योदय से पहले समाप्त हो जाएगी। इसलिए 28 अगस्त की सुबह राखी बांधने के लिए भद्रामुक्त समय मिलेगा।
28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
रक्षाबंधन पर राखी बांधने का सबसे शुभ समय 28 अगस्त को सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है। यह करीब 3 घंटे 51 मिनट का समय रहेगा। इस दौरान पूर्णिमा तिथि भी रहेगी और भद्रा का प्रभाव नहीं होगा।इसलिए बहनों के लिए बेहतर रहेगा कि वे इसी भद्रामुक्त अवधि में भाई की कलाई पर राखी बांधें।
सावन पूर्णिमा पर क्या करें?
सावन पूर्णिमा के दिन सुबह स्नान करके भगवान शिव की पूजा करना शुभ माना जाता है। श्रद्धालु शिवलिंग पर जल और बेलपत्र अर्पित कर सकते हैं। इसके अलावा अपनी श्रद्धा के अनुसार शिव मंत्र का जाप और पूजा-पाठ किया जा सकता है।पूर्णिमा के दिन स्नान और दान का भी विशेष महत्व माना जाता है। जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्य सामग्री का दान करने की धार्मिक परंपरा है।
Sawan Purnima 2026 की जरूरी बातें
- सावन पूर्णिमा: 28 अगस्त 2026, शुक्रवार
- पूर्णिमा तिथि शुरू: 27 अगस्त, सुबह 9:08 बजे
- पूर्णिमा तिथि समाप्त: 28 अगस्त, सुबह 9:48 बजे
- राखी बांधने का शुभ समय: 28 अगस्त, सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक
- भद्रा: 27 अगस्त को, 28 अगस्त की सुबह से पहले समाप्त
इस तरह 28 अगस्त की सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक का समय राखी बांधने के साथ-साथ सावन पूर्णिमा के स्नान और दान के लिए भी शुभ माना जा रहा है।

