Samachar Nama
×

उठो देव बैठो देव, पाटकल्ली चट‌काओ देव, ऐसे गीत गाकर देवठान ग्यारस पर जगाए जाते हैं देव, पढ़ें मंत्र भी
 

उठो देव बैठो देव, पाटकल्ली चट‌काओ देव, ऐसे गीत गाकर देवठान ग्यारस पर जगाए जाते हैं देव, पढ़ें मंत्र भी

हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और देवठान ग्यारस के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भगवान विष्णु को जगाने के लिए महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाती हैं और शंख, घंटी तथा थाली बजाकर उन्हें निद्रा से जागने का निमंत्रण देती हैं।

लोकगीत गाकर जगाए जाते हैं देव

राजस्थान और उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की विशेष परंपरा है। महिलाएं सुबह या शाम पूजा के समय पारंपरिक गीत गाती हैं। इनमें सबसे प्रचलित गीत है-

'उठो देव बैठो देव, पाटकल्ली चटकाओ देव।'

इन लोकगीतों के माध्यम से भगवान विष्णु से योगनिद्रा त्यागकर सृष्टि का कार्यभार संभालने की प्रार्थना की जाती है। कई स्थानों पर महिलाएं भगवान को जगाने के लिए गन्ने, सिंघाड़े, शकरकंद और मौसमी फलों का भोग लगाती हैं। घर के आंगन में भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाए जाते हैं। इसके बाद दीपक जलाकर उनकी आरती की जाती है।

देवउठनी एकादशी पर पूजा की विधि

इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए। इसके बाद घर के पूजा स्थल और आंगन की सफाई कर भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक जलाना चाहिए। पूजा में पीले फूल, फल, मिठाई, तुलसी दल और पंचामृत अर्पित करने की परंपरा है।

शाम के समय भगवान विष्णु को प्रतीकात्मक रूप से जगाया जाता है। इसके लिए शंख और घंटियां बजाई जाती हैं। महिलाएं पारंपरिक गीत गाती हैं और भगवान से जागने की प्रार्थना करती हैं। इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती की जाती है।

भगवान विष्णु को जगाने का मंत्र

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाते समय इस मंत्र का जाप किया जाता है-

'उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द, उत्तिष्ठ गरुड़ध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त, त्रैलोक्यं मंगलं कुरु॥'

इस मंत्र का अर्थ है कि हे गोविंद! जागिए, हे गरुड़ध्वज! जागिए। हे माता लक्ष्मी के प्रिय भगवान! जागकर तीनों लोकों का कल्याण कीजिए।

इसके अलावा भगवान विष्णु के मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' का जाप भी किया जा सकता है।

तुलसी विवाह का भी है विशेष महत्व

देवउठनी एकादशी के अवसर पर कई घरों में तुलसी विवाह कराया जाता है। इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया जाता है। तुलसी के पौधे को सजाकर उसके सामने मंडप बनाया जाता है। इसके बाद विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं।

धार्मिक मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा, व्रत, मंत्र जाप और तुलसी विवाह करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान का स्मरण करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है।

Share this story

Tags