Samachar Nama
×

रक्षाबंधन 28 अगस्त को, जानिए राखी बांधने का शुभ समय और पूजा की सही विधि

रक्षाबंधन 28 अगस्त को, जानिए राखी बांधने का शुभ समय और पूजा की सही विधि

रक्षाबंधन का त्योहार इस साल 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहन की रक्षा का वचन देते हैं और उन्हें उपहार देते हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, इस बार राखी बांधने के लिए कई शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं।

28 अगस्त को ही क्यों मनाया जाएगा रक्षाबंधन?

ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के मुताबिक, पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा।

वहीं 27 अगस्त को भद्रा रात 9:32 बजे तक रहेगी। ऐसे में 28 अगस्त को राखी बांधने के समय भद्रा की बाधा नहीं रहेगी।

राखी बांधने का शुभ समय

पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, 28 अगस्त को सुबह 6:23 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधना शुभ रहेगा। इसके बाद सुबह 10:12 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक राहुकाल रहेगा।

इसके अलावा अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:04 से 12:53 बजे तक रहेगा। वहीं शुभ चौघड़िया दोपहर 12:28 से 2:03 बजे तक और चर चौघड़िया शाम 5:13 से 6:48 बजे तक रहेगा।

रक्षाबंधन पर कैसे करें पूजा?

ज्योतिषाचार्य के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन सबसे पहले भगवान गणेश, भगवान विष्णु और अपने इष्टदेव की पूजा करनी चाहिए। इसके बाद भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुंह करके बैठाना चाहिए।

बहन भाई के माथे पर तिलक और अक्षत लगाए। इसके बाद उसकी दाहिनी कलाई पर रक्षा सूत्र या राखी बांधे और आरती करे। राखी बांधने के बाद भाई को मिठाई खिलाएं। भाई भी अपनी बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा और सुख-समृद्धि का वचन दे सकता है।

कैसी राखी बांधना माना जाता है शुभ?

पंडित कौशल पांडेय के मुताबिक, रक्षा सूत्र में लाल, पीले और सफेद रंग के तीन धागे होना शुभ माना जाता है। राखी में चंदन लगा हो तो इसे भी अच्छा माना जाता है।

राखी बांधते समय बहन 'येन बद्धो बलिराजा' मंत्र का जाप कर सकती है। मान्यता है कि इस मंत्र के साथ भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने से रक्षाबंधन की पूजा विधि पूरी होती है और भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास बना रहता है।

Share this story

Tags