केदारनाथ में श्रद्धालुओं ने बना दिया रिकॉर्ड, जानिए कैसे हुई यात्रा की शुरुआत

करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र केदारनाथ में रिकॉर्ड तोड़ तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष यात्रा की गति जिस तेजी से बढ़ रही है, उससे लगता है कि यह केदारनाथ यात्रा नया इतिहास लिखेगी। यात्रा के महज 47 दिनों में ही दर्शनार्थियों की संख्या 11 लाख को पार कर गई है। पिछले वर्षों की बात करें तो वर्ष 2023 में यह आंकड़ा 70 दिनों में पार हुआ था, जबकि 2024 में 117 दिन। इस वर्ष जहां पिछले दो वर्षों के पूरे सीजन के रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है। यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी से पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
पहले दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन दो मई को केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुलने के बाद पहले दिन 30 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। शुरुआती दस दिनों तक घोड़ा-खच्चर की बीमारी और भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण यात्रा जरूर प्रभावित रही। इसके बाद यात्रा में तेजी आने से यात्रियों की संख्या में इजाफा होने लगा। यात्री पैदल, घोड़े-खच्चर, डंडी कैंडी, हवाई सेवा से पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन करीब 23 हजार तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य कमा रहे हैं। तीर्थयात्रियों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति और प्रशासन ने केदारनाथ में प्रतिदिन दर्शन का समय भी बढ़ा दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग दर्शन कर वापस लौट सकें। इस बार टोकन व्यवस्था से बाबा केदार के दर्शन हो रहे हैं।
यह आंकड़ा 2023 में 70 दिन और 2024 में 117 दिन में पूरा हुआ। वर्ष 2023 में अब तक पूरे सीजन में सबसे अधिक 1957850 तीर्थयात्री भोले बाबा के दर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष 70 दिनों में यात्रियों की संख्या 11 लाख को पार कर गई थी। जबकि पिछले वर्ष 2024 में पूरे सीजन में सिर्फ 1652076 तीर्थयात्रियों ने ही भोले बाबा के दर्शन किए थे। तब 117 दिनों में 11 लाख यात्री पहुंचे थे। हालांकि, पिछले साल 31 जुलाई को आई आपदा के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग 29 स्थानों पर बह गया था। जिसके कारण यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी।
इसके बाद 15 से 20 अगस्त तक यात्रा का संचालन शुरू किया गया, लेकिन कम संख्या में यात्रियों को केदारनाथ भेजा जा रहा था। जिसके कारण पूरे सीजन में यात्रियों की संख्या कम रही। इस साल यात्रा के महज 47 दिनों में ही तीर्थयात्रियों की संख्या 11 लाख को पार कर गई है। चारधामों में केदारनाथ धाम भी तीर्थयात्रियों के दर्शनों में सबसे ऊपर चल रहा है। उम्मीद है कि इस साल केदानाथ में श्रद्धालुओं की भीड़ से पिछले सालों के सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। इस बार केदारनाथ यात्रा नया इतिहास लिखने की ओर कदम बढ़ा रही है। देश-विदेश से यात्री बड़ी संख्या में बाबा के दर्शनों के साथ ही नई केदारपुरी के स्वरूप को देखने के लिए केदारनाथ पहुंच रहे हैं। यात्रा की गति बढ़ने से पर्यटन व्यवसायियों के साथ ही हेलीकॉप्टर सेवा, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी, पालकी संचालकों को अच्छा कारोबार मिलने की उम्मीद है।===
पिछले आठ वर्षों के यात्री भ्रमण के आंकड़े
2025 1113975 (17 जून तक)
2024 1652076
2023 1957850
2022 1561882
2021 242712
2020 135287
2019 1000035
2018 732241