हस्तरेखा शास्त्र: आपके हाथ में है मनी ट्रायंगल? जानें किस उम्र में मिलेगा लाभ
हस्तरेखा शास्त्र में हथेली की कई रेखाओं और निशानों को व्यक्ति की आर्थिक स्थिति, करियर और भविष्य से जोड़कर देखा जाता है। इन्हीं में एक खास निशान है मनी ट्रायंगल यानी धन त्रिकोण। मान्यता है कि जिस व्यक्ति की हथेली में यह त्रिकोण साफ और स्पष्ट बना होता है, वह धन कमाने के साथ-साथ बचत करने में भी अच्छा हो सकता है। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, इस निशान का प्रभाव 35 से 40 वर्ष की उम्र के बीच अधिक स्पष्ट दिखाई देने की मान्यता है। आइए जानते हैं हाथ में मनी ट्रायंगल कहां होता है और इसका क्या मतलब बताया गया है।
हथेली में कहां बनता है मनी ट्रायंगल?
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, हथेली के बीच वाले हिस्से में बनने वाले त्रिकोण को मनी ट्रायंगल कहा जाता है। यह कोई अलग रेखा नहीं होती, बल्कि तीन प्रमुख रेखाओं के मिलने से बनता है।
-
भाग्य रेखा: इसे करियर, कामकाज और जीवन में मिलने वाली सफलता से जोड़कर देखा जाता है।
-
मस्तिष्क रेखा: यह व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता और फैसले लेने के तरीके का प्रतीक मानी जाती है।
-
बुध रेखा: इसे व्यापारिक समझ, संवाद क्षमता और धन के प्रबंधन से जोड़कर देखा जाता है।
जब ये तीनों रेखाएं आपस में मिलकर बंद त्रिकोण बनाती हैं, तो इसे मनी ट्रायंगल कहा जाता है।
कब शुभ माना जाता है मनी ट्रायंगल?
हस्तरेखा शास्त्र में स्पष्ट और बंद मनी ट्रायंगल को शुभ माना जाता है। मान्यता है कि जिन लोगों की हथेली में यह त्रिकोण बिना किसी कटाव या रुकावट के बना होता है, वे धन का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। ऐसे लोगों को कमाई के साथ बचत करने में भी समझदार माना जाता है।
वहीं अगर त्रिकोण की रेखाएं टूटी हुई हों, उनके बीच कटाव हो या त्रिकोण खुला हुआ दिखाई दे तो इसे कमजोर संकेत माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि व्यक्ति को धन बचाने में परेशानी हो सकती है और आमदनी के बावजूद खर्च बढ़ सकते हैं।
किस उम्र में मिल सकता है मनी ट्रायंगल का लाभ?
हस्तरेखा शास्त्र की प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, स्पष्ट मनी ट्रायंगल का प्रभाव 35 से 40 वर्ष की उम्र के बीच दिखाई दे सकता है। माना जाता है कि इस उम्र तक व्यक्ति को कामकाज और आर्थिक फैसलों का अच्छा अनुभव हो जाता है। वह समझने लगता है कि पैसा कहां खर्च करना है और भविष्य के लिए किस तरह बचत करनी है।
कुछ दूसरी हस्तरेखा मान्यताओं में धन त्रिकोण का प्रभाव 28 वर्ष के आसपास शुरू होने और 50 वर्ष तक धन संग्रह की स्थिति मजबूत होने की बात भी कही गई है। हालांकि, उम्र को लेकर अलग-अलग मत प्रचलित हैं।
क्या मनी ट्रायंगल से सच में अमीर बनने का पता चलता है?
हस्तरेखा शास्त्र में मनी ट्रायंगल को धन और बचत से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन हथेली की रेखाओं से किसी व्यक्ति की वास्तविक कमाई, बैंक बैलेंस या भविष्य की आर्थिक स्थिति का पता लगाने का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। आर्थिक मजबूती के लिए नियमित बचत, सही बजट और सोच-समझकर निवेश करना अधिक महत्वपूर्ण है।

