गोपाष्टमी पर मां महालक्ष्मी को लगेगा 56 भोग, मध्य प्रदेश के इस गांव में होगा भव्य गौ पूजन
गोपाष्टमी का पर्व आज 17 नवंबर को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के साथ गाय और बछड़ों की पूजा करने की परंपरा है। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के ऊन गांव में गोपाष्टमी के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। यहां स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के तहत गौ पूजन होगा और मां महालक्ष्मी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
क्यों मनाई जाती है गोपाष्टमी?
हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वे बछड़ों को चराने जाया करते थे। इसी प्रसंग की याद में कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी मनाई जाती है।
इस दिन गाय और बछड़ों को स्नान कराकर उनका श्रृंगार किया जाता है। उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है और फूलों की माला पहनाई जाती है। इसके बाद आरती कर उन्हें हरा चारा, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई जाती है।
ऊन गांव में होगा भव्य अन्नकूट महोत्सव
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के ऊन गांव में स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में गोपाष्टमी पर विशेष अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। मंदिर में 15 नवंबर से तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसका मुख्य आयोजन 17 नवंबर को रखा गया है।
महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, हवन और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आयोजन में मध्य प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मां महालक्ष्मी को लगेगा छप्पन भोग, गायों को भी मिलेगा प्रसाद
गोपाष्टमी के अवसर पर मंदिर में मां महालक्ष्मी को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही गौमाता के लिए विशेष अन्नकूट तैयार किया जाएगा। श्रद्धालु अपने घरों से भी अलग-अलग व्यंजन बनाकर लाएंगे और उन्हें गायों को अर्पित करेंगे।
आयोजन के दौरान गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं को अपने हाथों से गौमाता को भोग अर्पित करने का अवसर भी मिलेगा। शाम 6 बजे से गौ पूजन और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा, जबकि शाम 6:30 बजे महाआरती की जाएगी।
गोपाष्टमी पर गौ सेवा का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी पर गायों की सेवा और पूजा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन गौशाला जाकर गायों को चारा खिलाना, उनकी देखभाल करना और जरूरत के अनुसार दान करना शुभ माना जाता है।गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति के साथ-साथ गौमाता की सेवा और जीवों के प्रति करुणा का संदेश भी देता है।

