दीपोत्सव 2026: आखिर क्यों 5 दिनों तक मनाया जाता है दीपावली का त्योहार? जानिए हर दिन का धार्मिक महत्व
भारत में दीपावली को रोशनी, खुशियों और आस्था का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। आमतौर पर लोग दीपावली को केवल एक दिन का पर्व समझते हैं, लेकिन हिंदू धर्म में इसका उत्सव धनतेरस से लेकर भाई दूज तक पांच प्रमुख त्योहारों के रूप में मनाया जाता है। इन पांच दिनों में हर दिन का अपना अलग धार्मिक और पौराणिक महत्व है। कहीं भगवान धन्वंतरि की पूजा होती है, तो कहीं भगवान श्रीकृष्ण की वीरता का स्मरण किया जाता है। दीपावली की रात माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना की जाती है, जबकि आखिरी दिन भाई-बहन के अटूट रिश्ते को समर्पित होता है।
हालांकि, साल 2026 में तिथियों के विशेष संयोग के कारण दीपोत्सव का उत्सव सामान्य पांच दिनों के बजाय 6 नवंबर से 11 नवंबर तक छह कैलेंडर दिनों में मनाया जा रहा है। इस दौरान 9 नवंबर को रामा-श्यामा की परंपरा भी रहेगी। आइए जानते हैं आखिर दीपावली पांच दिनों तक क्यों मनाई जाती है और इन पांचों पर्वों के पीछे कौन-सी धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं।
1. पहला दिन: धनतेरस का धार्मिक महत्व
दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करने की परंपरा है।
धनतेरस पर माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की भी आराधना की जाती है। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य धातुओं की वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और धन-वैभव का आगमन होता है। इस दिन शाम को यमराज के नाम से दीपदान करने की भी परंपरा है।
2. दूसरा दिन: नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली का महत्व
दीपोत्सव का दूसरा दिन नरक चतुर्दशी के नाम से जाना जाता है। इसे छोटी दिवाली और रूप चौदस भी कहते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर नामक राक्षस का वध करके हजारों महिलाओं को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया था।
इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले अभ्यंग स्नान करने की परंपरा है। घरों में दीपक जलाए जाते हैं और यमराज के निमित्त दीपदान किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और जीवन में सुख-शांति आती है। रूप चौदस पर उबटन और स्नान के जरिए शरीर की स्वच्छता और सौंदर्य का भी विशेष महत्व माना जाता है।
3. तीसरा दिन: दीपावली और माता लक्ष्मी की पूजा
दीपोत्सव का सबसे प्रमुख दिन दीपावली होता है। कार्तिक मास की अमावस्या को मनाए जाने वाले इस पर्व पर माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विशेष पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख, शांति, धन और समृद्धि आती है।
दीपावली का संबंध भगवान श्रीराम के 14 वर्षों का वनवास पूरा करके अयोध्या लौटने से भी जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन पर नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। तभी से दीप जलाकर खुशियां मनाने की परंपरा चली आ रही है।इस दिन लोग अपने घरों को दीपों, रंगोली और फूलों से सजाते हैं। शाम को शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी-गणेश पूजन किया जाता है और परिवार के लोग एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां मनाते हैं।
4. चौथा दिन: गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का महत्व
दीपावली के अगले दिन परंपरागत रूप से गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है और उन्हें अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार ब्रजवासियों ने भगवान इंद्र की पूजा करने के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी।
इससे नाराज होकर इंद्र देव ने ब्रज में भारी बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर पूरे ब्रजवासियों और उनके पशुओं की रक्षा की थी। इसके बाद से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई।इस दिन गायों की पूजा, गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाना और भगवान कृष्ण को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाने की परंपरा है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और अन्न के महत्व का संदेश भी देता है।
खास बात: साल 2026 में तिथियों के विशेष संयोग के कारण गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनाई जाएगी।
5. पांचवां दिन: भाई दूज से होता है दीपोत्सव का समापन
दीपोत्सव का आखिरी प्रमुख पर्व भाई दूज होता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव की संतान यमराज और यमुना भाई-बहन थे। यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार घर आने का निमंत्रण देती थीं। एक दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया। बहन के इस प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।
तब यमुना ने वरदान मांगा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक करवाएगा, उसे सुख-समृद्धि और लंबी उम्र प्राप्त हो। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं और भाई अपनी बहनों को उपहार देते हैं।
2026 में दीपोत्सव का पूरा कैलेंडर
इस साल पंचांग की तिथियों के विशेष क्रम के कारण दीपोत्सव छह कैलेंडर दिनों में मनाया जा रहा है।
| तारीख |
पर्व |
|---|---|
| 6 नवंबर 2026 |
धनतेरस |
| 7 नवंबर 2026 |
नरक चतुर्दशी / रूप चौदस |
| 8 नवंबर 2026 |
दीपावली और लक्ष्मी पूजन |
| 9 नवंबर 2026 |
रामा-श्यामा |
| 10 नवंबर 2026 |
गोवर्धन पूजा और अन्नकूट |
| 11 नवंबर 2026 |
भाई दूज |
आखिर क्यों पांच दिनों तक मनाया जाता है दीपोत्सव?
दीपावली को पांच दिनों तक मनाने के पीछे केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश भी छिपे हैं। धनतेरस हमें स्वास्थ्य और समृद्धि का महत्व समझाता है। नरक चतुर्दशी बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। गोवर्धन पूजा प्रकृति और अन्न के प्रति आभार जताना सिखाती है, जबकि भाई दूज पारिवारिक रिश्तों और भाई-बहन के प्रेम को मजबूत बनाता है।

