हनुमान जी के तीन प्रसिद्ध धाम: अयोध्या हनुमानगढ़ी, सालासर बालाजी और मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन का महत्व
हनुमान जी को संकटमोचन, बल और बुद्धि के देवता के रूप में पूजा जाता है। देशभर में बजरंगबली के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, लेकिन अयोध्या की हनुमानगढ़ी, राजस्थान का सालासर बालाजी और दौसा का मेहंदीपुर बालाजी विशेष आस्था के केंद्र माने जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन तीनों धामों में हनुमान जी की पूजा करने से भक्तों को साहस, सुरक्षा और मन की शांति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
अयोध्या की हनुमानगढ़ी
अयोध्या में स्थित हनुमानगढ़ी भगवान राम की नगरी का प्रमुख धार्मिक स्थल है। मान्यता है कि अयोध्या में भगवान राम के दर्शन से पहले हनुमानगढ़ी जाकर बजरंगबली के दर्शन करना शुभ माना जाता है।
मंदिर एक ऊंचे टीले पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। गर्भगृह में मां अंजनी की गोद में बाल हनुमान का स्वरूप विराजमान है। भक्त यहां हनुमान जी से संकटों से मुक्ति और भगवान राम की भक्ति का आशीर्वाद मांगते हैं।
सालासर बालाजी
राजस्थान के चूरू जिले में स्थित सालासर बालाजी मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में गिना जाता है। यहां हनुमान जी की प्रतिमा का स्वरूप अन्य मंदिरों से अलग है। बालाजी की प्रतिमा में दाढ़ी और मूंछ दिखाई देती हैं।धार्मिक मान्यता के अनुसार, सालासर बालाजी के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना पूरी होती है। मंगलवार और शनिवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जयंती के अवसर पर यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं।
मेहंदीपुर बालाजी
राजस्थान के दौसा जिले में स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर भी हनुमान भक्तों के बीच विशेष प्रसिद्ध है। यहां बालाजी महाराज के साथ भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार की भी पूजा की जाती है।मान्यता है कि मेहंदीपुर बालाजी के दरबार में आने वाले भक्त नकारात्मक शक्तियों और परेशानियों से मुक्ति की प्रार्थना करते हैं। मंदिर की पूजा पद्धति और यहां की परंपराएं इसे दूसरे हनुमान मंदिरों से अलग बनाती हैं।
तीनों धामों की अपनी अलग पहचान
अयोध्या की हनुमानगढ़ी भगवान राम और हनुमान जी की भक्ति से जुड़ी है, सालासर बालाजी मनोकामना और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि मेहंदीपुर बालाजी विशेष धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के लिए जाना जाता है।इन मंदिरों से जुड़ी मान्यताएं धार्मिक आस्था और परंपरा पर आधारित हैं। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार इन धामों में दर्शन और पूजा करते हैं।

