Samachar Nama
×

Chhath Puja 2026: छठ में कैसे देते हैं सूर्य देव को अर्घ्य, जानें पूजा की पूरी विधि, सामग्री और मंत्र
 

Chhath Puja 2026: छठ में कैसे देते हैं सूर्य देव को अर्घ्य, जानें पूजा की पूरी विधि, सामग्री और मंत्र

छठ महापर्व हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्य देव की उपासना करते हैं। छठ पूजा में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। मान्यता है कि विधि-विधान से छठी मैया और सूर्य देव की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान को सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद मिलता है।

साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से हुई है और इसका समापन 16 नवंबर को होगा। आज 15 नवंबर, रविवार को छठ पूजा का तीसरा दिन है। इस दिन व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर, सोमवार को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देने का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य देव को जीवन, ऊर्जा और आरोग्य का कारक माना जाता है। छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। वहीं, अगले दिन उगते सूर्य की पूजा करके नए जीवन और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की जाती है।

इस पर्व की खास बात यह है कि इसमें अस्त होते सूर्य की भी उतनी ही श्रद्धा से पूजा की जाती है, जितनी उगते सूर्य की। व्रती परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए छठी मैया से प्रार्थना करते हैं।

संध्या अर्घ्य देने की पूरी विधि

छठ पूजा के तीसरे दिन सुबह से ही व्रती पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं। सबसे पहले बांस के सूप और दउरा में पूजा की सामग्री सजाई जाती है। इसमें ठेकुआ, कसार, नारियल, गन्ना और मौसमी फल रखे जाते हैं।

इसके बाद व्रती परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाट पर पहुंचते हैं। घाट पर पहुंचकर पूजा की सामग्री व्यवस्थित रखी जाती है। सूर्यास्त के समय व्रती नदी, तालाब या जलाशय के पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसके लिए तांबे या पीतल के पात्र में जल और दूध लेकर सूर्य देव को अर्पित किया जाता है। इस दौरान सूर्य देव और छठी मैया का ध्यान करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

उगते सूर्य को कैसे दें अर्घ्य?

छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन यानी 16 नवंबर को सुबह व्रती सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचते हैं। इसके बाद पानी में खड़े होकर सूर्य देव के उदय होने की प्रतीक्षा करते हैं। सूर्य की पहली किरण दिखाई देने पर जल और दूध से अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद छठी मैया की पूजा और आरती की जाती है। पूजा पूरी होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करके लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करते हैं।

छठ पूजा की जरूरी सामग्री

  • बांस का सूप और दउरा

  • ठेकुआ और चावल के लड्डू

  • नारियल और गन्ना

  • केला, सेब, संतरा और अन्य मौसमी फल

  • मूली, अदरक और हल्दी

  • नींबू और सिंघाड़ा

  • पान और सुपारी

  • दीपक, घी और रुई की बत्ती

  • फूल, धूप और अगरबत्ती

  • तांबे या पीतल का लोटा

  • दूध और स्वच्छ जल

सूर्य देव को अर्घ्य देते समय करें इस मंत्र का जाप

छठ पूजा के दौरान सूर्य देव को अर्घ्य देते समय इस मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है।

ॐ घृणिः सूर्याय नमः।

इसके अलावा आप सूर्य देव के इस मंत्र का भी जाप कर सकते हैं।

ॐ आदित्याय नमः।

छठ पूजा में रखें इन बातों का ध्यान

छठ महापर्व में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। पूजा का प्रसाद तैयार करते समय स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए। प्रसाद बनाने के लिए साफ बर्तनों का इस्तेमाल करें। पूजा सामग्री को जमीन पर सीधे रखने से बचें। घाट पर अर्घ्य देते समय सुरक्षा का ध्यान रखें और गहरे पानी में जाने से बचें।

धार्मिक मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और पूरी निष्ठा से छठी मैया तथा सूर्य देव की पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि छठ महापर्व में देशभर के श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ शामिल होते हैं।

Share this story

Tags